Monday, September 12, 2011

Abhimatam (‘Mātŗigītikāñjalih’ Kāvya of Harekrishna Meher): Prof. Srinivas Rath

‘Mātŗigītikāñjalih’  मातृगीतिकाञ्जलिः * 
(A Modern Sanskrit Gitikavya of 25 lyrics
composed with original new metres and tuning) 

Author : Dr. Harekrishna Meher 

*  
Published by : Kalahandi Lekhak Kala Parishad,
Bhawanipatna, Kalahandi, Orissa.
First Edition : 1997 A.D.

= = = = = = = = = 

(Extracted from the above Book)

Abhimatam   
By : Prof. Shriniwas Rath 
Retired Professor and Head,
School of Studies in Sanskrit, Vikram University. Ujjain
and Ex-Director, Kalidasa Academy, Ujjain, Madhya Pradesh (India)

= = = = = = =

अभिमतम्   
आचार्यः श्रीनिवास-रथः   
= = = = = = = = = = = = = = 

वाचि विद्योततेऽनुभूतार्थ-व्यक्तिस्वरूपा व्यवहार-कालावधि-जीवित-स्वभावा मनुज-समाजाश्रिता शक्तिः काचन भाषा नाम । देशकालादि-भेदेनानन्तरूपा यावद्-भुवन-विस्तृता सेयं भाषा जगदिव गाहते नियत-परिवर्त्तनशीलताम् । तत्तद्-देशकाल-भाषाविष्कृत-वस्तुनि सुतरां विजृम्भन्ते विचार-वल्लरी-कुसुमानि । भाषाधीनं भवति साहित्यम् । साहित्यपरम्परया सुदूर-कालभाषाश्रितान्यपि सूक्ति-कुसुमानि प्रतिनव-विकसितानीव राजन्ते चिराय जन-मनोहारीणि । साहित्यामृत-सेकमन्तरा सुमहत्-प्रयत्न-परिरक्षिताऽपि भाषा कालक्रमेण परिवर्त्तिनि संसारे भवति विलुप्त-दर्शना । प्राचीन-भाषासाहित्य-सम्पदः सैषा स्थितिः तत्तत्साहित्येतिहास-ग्रन्थेषु परिचीयत एव सुप्रतीता । तत्र च साहित्यानुशीलन-प्रसङ्गेनैव चिरत्न-भाषासु निरन्तराविच्छिन्न-परम्परा-विद्योतित-स्वरूपा याथातथ्येन कालक्रम-गणनातिक्रान्त-श्रुतिपरम्पराभिरक्षित-कलेवरा वैदिक-लौकिकाद्यपरिमित-साहित्य-निधानभूताद्यापि जागर्ति निरन्तर-साहित्यरचना-वेशेषिताकारा सरसा संस्कृत-भाषा । विविध-भारतीय-भाषा-साहित्योपजीव्यतया न केवलं भारतीयैः प्रत्युत वैदेशिकैरपि मनीषिभिः सस्पृहमधीयते संस्कृत-साहित्यम् ।

सेयं स्थितिः प्रत्यक्षतामनायि बेङ्गलूर-नगरेऽचिर-संवृत्तेन दशम-विश्वसंस्कृत-सम्मेलनेन । तत्र विविध-विद्याविचक्षणा नानादेशागताः परःसहस्राः संस्कृताधीतिशालिनो विद्वांसः साम्प्रतिकत्वेऽपि संस्कृतस्य विश्वजनीनं स्वरूपं सभाजयाञ्चक्रिरे । सम्मेलनमिदमयोजि भारतशासन-प्रतिनिधित्वेन राष्ट्रिय-संस्कृत-संस्थानेनातिथेयत्वेन च तरलबालुकेन्द्राधीश्वरेण श्रीमता शिवमूर्त्तिस्वामिना । तथा च, 


सुरेन्द्रभवनोपमे तरलबालुकेन्द्राजिरे
नियोज्य सुरभारती-दशम-विश्व-सम्मेलनम् ।
चिराय शिवमूर्त्तिना सुकृतिना महास्वामिना
सनातन-परम्परानुगत-वैदुषी सत्कृता ॥ (१) 


दिगन्तर-समागतै-र्विविध-शास्त्र-पारङ्गतै-
र्बुधैः सुरगिराऽन्वहं बुध-सभासु चर्चारतैः ।
अनायि दिन-सप्तकं क्षणमिवान्य-चिन्तां विना
सुधीभिरिह भारते सुरगवी-समाराधने ॥ (२)  


न केवल-परम्पराधिगत-शात्र-चर्चादिभिः
समाप्तिमगमत् सभा विदित-विश्व-विद्यावताम् ।
मुदं व्यतनुताधुनातन-कवित्व-चर्या सतां
प्रसन्न-कविता-झरी-रसभरैः सुधा-सोदरैः ॥ (३) 


साम्प्रतिक-संस्कृत-कविता-सत्रेण साकं पूर्णतामभजत विश्व-संस्कृत-सम्मेलनम् । 


आयुष्मता हरेकृष्ण-मेहेरेण समं तदा ।
कवि-संसदि तत्रैव जातः परिचयोऽपि नः ॥ (४)


कवे-र्मनोहरस्यायं पौत्रः सुमति-नन्दनः ।
हरेकृष्ण इति ख्यातः कविनारायणात्मजः ॥ (५)

उत्कलेषु कलाहाण्डि-मण्डले लोक-विश्रुते ।
भवानीपाटना-नाम्नि नगरेऽवस्थितोऽधुना ॥ (६)

राजकीये महाविद्यालये शिष्यजन-प्रियः ।
संस्कृताध्यापनाचार्य-पदवीमाश्रितः सुधीः ॥ (७)

नैषधीये महाकाव्ये कृत-भूरि-परिश्रमः ।
स्वयं सुरगवी-गीति-रचनानुरतः कविः ॥ (८)


अथ संस्कृत-नवगीति-रचना-कविना श्रीहरेकृष्ण-मेहेरेण मातृगीतिकाञ्जलिरिति प्रकाशतामानीयते पञ्चविंशति-गीतिकालङ्कृतः स्वरचित-गीतिका-काव्य-सङ्ग्रहः । सङ्ग्रहेऽस्मिन् कवित्वबोध-बन्धुरा गीतिका विविध-विषय-भासुरा दीप्यन्ते । भारतीय-कवितासु गीतिकाव्य-परम्परा भक्ति-रसायनभूता वितनोति समेषामानन्दम् । प्रस्तावना-पद्येषु  

“गीर्वाण-वाणी-नीराजनार्थं
प्रस्तूयते मे गीत्यावलीयम् ।”
 इति स्वयं विनिवेद्य कविराशास्ते,  


“भवतु गौरव-सौरभ-भास्वरा,
विजयिनी मम देश-परम्परा ।”
  इति ।  


मातृगीतिकाञ्जलि-पद्येषु परम्परानुगतापि नूतन-पद-रचना-शक्तिः सुतरां प्रीणाति ।  

“रवि-सङ्काशः
स्वयम्प्रकाशः
संसरणे त्वमनन्ताकाशः ।”
इति,    


अबलं सबलं
शुष्कं सजलं
स्वैरं कुरुते सरलं वक्रम् ।”
    

इति च सुव्यक्तमुररीकुरुतः सुललित-पदक्रम-कमनीयताम् ।  

आयुष्मता हरेकृष्णेन मन्ये कवित्व-बीजरूपः संस्कार-विशेषः कुल-परम्परयार्जितः । यतोऽस्य पितामहः श्रीमनोहर-मेहेर-नामाऽजनि सरस-भणितीनामाकरः कविः कविताश्रित-कीर्त्तिः । तद्वदेवास्य जनयिता श्रीनारायणोऽपि कवि-पदवीमध्यास्तेऽनितर-साधारणीम् । अथच केचनात्र कुल-परम्पराधिगत-संस्कार-रूपेण कवित्व-बीजभूतां शक्तिं न मन्यन्ते । ते तु देवता-प्रसाद-जन्यमदृष्टमेव कवित्व-शक्ति-कारणमिति तदात्मक एव संस्कार इति स्वीकुर्वन्ति । यथा तथा वा भवतु । उभयथाऽपि प्रतिपद्यत एवात्र कवयितरि संस्कारवत्त्वम् । तत्रापि सुरवाणी-शरणोऽयं प्रस्तौति मातृगीतिकाञ्जलिं बहुतराभ्यास-व्युत्पत्ति-लभ्यम् । तथा च,

“कवित्वं जायते शक्तेर्वर्द्धतेऽभ्यास-योगतः ।
अस्य चारुत्व-निष्पत्तौ व्युत्पत्तिस्तु गरीयसी ॥”  


इत्युक्त-दिशा वाग्देवता-प्रसादात् कालक्रमेण चारु चारुतरं च सम्पत्स्यते संस्कृत-कवितावनी-कृतपदस्यायुष्मतो हरेकृष्ण-मेहेरस्य काव्यमित्याशास्महे । निबद्धाञ्जलिः कविरयं सदाशिषा योजयितव्यो भवति भावुकै-र्भावकैश्च । भूयश्च,  


श्रीहरेकृष्ण-मेहेर-रचितो गीतिकाञ्जलिः ।
भद्रं वितनुतां लोके तनुताञ्च कवेर्यशः ॥
इति शम् ॥  


प्रो. श्रीनिवास-रथः   
सेवा-निवृत्तः आचार्यः अध्यक्षश्च,
संस्कृत-अध्ययन-शाला,
विक्रम-विश्वविद्यालयः, उज्जयिनी (मध्यप्रदेशः) 


उज्जयिनी 
अनन्त-चतुर्दशी संवत् -२०५४ 
१५ सितम्बर १९९७. 
= = = = = = = 


Related Link : 
Complete ‘Matrigitikanjalih’ Kavya: 

Thursday, September 1, 2011

Tapasvini Kavya Canto-11 (‘तपस्विनी’ काव्य एकादश सर्ग/ हरेकृष्ण मेहेर)


TAPASVINI
Original Oriya Mahakavya by :
Svabhava-Kavi Gangadhara Meher (1862-1924)
Hindi Translation by : Dr. Harekrishna Meher
= = = = = = = = = =

[Canto- 11, the Last Canto of this epic poem, has been taken from pages 191-214 of my Hindi ‘Tapasvini’ Book
Published by : Sambalpur University, Jyoti Vihar, Sambalpur, Orissa, First Edition : 2000.]
For Introduction, please see : 'Tapasvini : Ek Parichaya'
Link : http://hkmeher.blogspot.com/2008/07/tapasvini-ek-parichaya-harekrishna_27.html

= = = = = = = = = = = = = =
Tapasvini [Canto-11]
= = = = = = = = = = = = = =



‘तपस्विनी’ महाकाव्य
मूल ओड़िआ रचना : स्वभावकवि गंगाधर मेहेर (१८६२-१९२४)
सम्पूर्ण हिन्दी अनुवाद : डॉ. हरेकृष्ण मेहेर


= = = = = = = = = = =
एकादश सर्ग
= = = = = = = == = =

एक दिन मेदिनी प्रदक्षिण कर
श्रम-क्लान्त दिनकर
क्षीणतेज - शरीर
नील नीर में पश्चिम वारिधि के
डूब गये गभीर,
अभिलाषी अवगाहन-विधि के ॥

छोड़ न पाकर अपना प्रियतम,
अत्यन्त दीन-कलेवर
एक पल भी रहने अक्षम
दिवस चला उनके पीछे सत्वर ॥

पति बिना पत्नी की अवस्था
क्या होती सर्वथा,
भोलीभाली नलिनी-बाला ने यह न जानकर
त्यागा नहीं अपना घर ॥

पलभर में लूटकर
रंगीन वास-कोष उसीका,
प्रदोष ने बना दिया अम्बर पर
पादास्तरण रजनी का ॥

इस प्रकार देखकर
कोमलांगी कमलिनी का अपमान,
शिरीष पादप लज्जा-जर्जर
हो गया अत्यन्त म्लान ॥

सूर्यास्त में सम्पन्न कर
अग्निदेव की सपर्या
महामना वाल्मीकि ने सादर
शिव-कृपा का स्मरण किया ॥

आश्रम में कुशासन पर
विराजे थे मुनिवर ।
सोच रहे थे मन-ही-मन
श्रीराम का सुशासन ।
साथ ही विषय
कुमारों की योग्यता का,
फिर कैसे होगा परिचय
पुत्रों के सहित पिता का ॥

‘धनुर्वेद और राजधर्म की शिक्षा के द्वार
इसी समय पहुँच चुके हैं युगल कुमार ।
तापसों के संग उभय
जब कानन में रहेंगे,
मूल्यवान् समय
तो व्यर्थ बीत जाएंगे ॥

यदि राजधर्म में कुशल
हो न पाएंगे राजकुमार,
समस्त गुण हो जाएंगे निष्फल
बन्ध्य पादप जिस प्रकार ॥

वीरत्व-विभूषण से इसी समय
मण्डित न होंगे यदि ये,
दुःसह दूषण आन पड़ेगा निश्चय
वीर-वंश के लिये ॥

कौन कह सकेगा,
दायाद-रत्न श्रीराम का
एक दिन नहीं खोजेगा
राजसिंहासन कोशल-धाम का ॥

राजसम्मान-रक्षा की क्षमता
उसी समय यदि न रहेगी,
उनकी नीति-अधमता
प्रकटित हो जाएगी ।
कैसे बिना आदर्श के युगल सहोदर
उसमें प्रवीण बनेंगे यहीं वन में रहकर ?

होते सभी दान-वीर
रघुवंशी नरेशगण विशेषरूप से ।
वही आदर्श ऋषि-कुटीर
सिखला सकेगा कैसे ?

अविकल रामरूप प्रतिबम्बाकार
अवयवधारी हैं युगल कुमार ।
दर्शन से ही रघुकुल-शेखर
अपने पुत्रों को पहचान लेंगे सत्वर ।
वहाँ वीर शत्रुघन
कर देंगे संशय मोचन ॥

पहुँचा देने पर पुत्र-युगल को वहीं
श्रीरामचन्द्र करेंगे स्वीकार,
तब हमारी होगी नहीं
निन्दा किसी भी प्रकार ॥

परन्तु अपनी प्रियतमा पत्नी को
पतिव्रता सती जानकर सही,
लोकापवाद-भय से ही
उन दोहदिनी को
भेज दिया निर्दय राजा ने
कानन में दोहद-पूरण के बहाने ॥

बारह वर्षों के अनन्तर
सन्तान की ममता
जन्मेगी उनके हृदय के भीतर,
यह सम्भव नहीं लगता ।
प्रजा के प्रति हैं किये
उन्होंने सारे पुत्र-प्रेम समर्पित ।
उसकी सम्मति इसलिये
अभी चाहेंगे निश्चित ॥

अपने विश्वास पर
जिनकी है नहीं आस्था,
उन्हें सहस्र बार कहकर
समझाने से क्या होगा सर्वथा ?
इसी विषय पर परामर्श अवश्य चाहिये
महामुनि वसिष्ठ और लक्ष्मण को संग लिये ॥’

इसी समय राजदूत ने
कृताञ्जलि हस्त से अपने,
पत्र प्रदान किया वाल्मीकि-कर में सत्वर
चरणों में प्रणिपात कर ॥

पत्र-पाठ पश्चात् मुनीन्द्र को चला पता
इष्ट सिद्धि हेतु मिल गया रास्ता ।
भेजा है निमन्त्रण राजा रघुवर ने
अश्वमेध याग में योगदान करने ॥

सोचने लगे मुनिवर,
‘विधि ने अनुकूल होकर
दिखलाया तट
भावना-पयोधि के निकट ॥

मुनिकुमार-वेश में शिष्यों के बहाने
लव-कुश को ले चलेंगे यज्ञ दिखलाने ।
यज्ञ-क्षेत्र में स्थान-स्थान करके भ्रमण
दोनों गायेंगे मधुर नव्य काव्य रामायण ॥

प्रीति-सुधा बरसाकर श्रीराम-आख्यान
अवश्य हर लेगा लोगों का चित्त ।
निहार युगल कुमार श्रीराम-समान
लोग राम-पुत्र ज्ञान करेंगे निश्चित ॥

स्वयं रघुवंश-शेखर
अपने प्रतिबिम्ब-रूप दर्शन कर
डुबा देंगे हृदय
प्रेम-पीयूष-कूप में निश्चय ॥

यदि कुण्ठित होंगे रघुकुल-तिलक
स्वीकारने अपने दोनों बालक,
उधर देवी कौशल्या
भू-लुण्ठित नहीं होंगी क्या ?

सीता का स्पर्श नहीं कर सका दशानन,
रामायण से सुन यह विवरण
होगा आनन्द-मगन
समस्त जनों का अन्तःकरण ॥

सती जनक-दुहिता
हो चुकी हैं अग्नि-परिक्षिता ।
इस कथा का श्रवण कर
पुलकित होगा नहीं किसका कलेवर ?

रामायण काव्य करेगा
भारती-ज्योति का विस्तार ।
त्रिभुवन से हट जायेगा
लोक-निन्दा का अन्धकार ॥’

मन-ही-मन इस प्रकार
मुनिवर ने किया विचार ।
हो उठा प्रफुल्ल अतिशय
आनन्द से उनका हृदय ॥

मधुर वचनों में उधर
राजदूत को विश्राम की अनुज्ञा देकर,
शिष्यगण को नियोजित किया
निभाने अतिथि-सत्‌क्रिया ॥

सानन्द मुनीन्द्र ने तदुपरान्त
सीता के पास चल बताया अश्वमेध-वृत्तान्त,
‘वत्से ! श्रीराम-दूत इधर
आया है निमन्त्रण लेकर ।
संग ले शिष्य-दल
प्रस्थान करूंगा कल ॥

उनके साथ शिष्यरूप हमारे
चलेंगे लव कुश प्यारे ।
कई मुनिजनों के करेंगे दर्शन
और पाएंगे आशीर्वचन ॥’

सती मैथिली ने समर्थन किया
महर्षि-दत्त प्रस्ताव का ।
उन्हें दृढ़ रूप से सौंप दिया
सारा दायित्व कुश-लव का ॥

अन्तेवासियों से तदुपरान्त
कहा मुनिशेखर ने :
‘जब होगा निशान्त
यात्रा करेंगे अश्वमेध अध्वर देखने ।
लव कुश के संग समस्त सहाध्यायी कुमार
पाथेय साथ ले जाओगे हो तैयार ॥

बाबा कुश लव ! साथ वीणा लेते रहोगे,
सुसंगीत संग शिक्षा सार्थक करोगे ।
जो श्रीराम हैं नायक
रामायण काव्य के,
हो चुके हैं हर्ष-दायक
तुम्हारे हृदय के,
वही श्रीराम सद्गुण-निधान
कर रहे हैं महायज्ञानुष्ठान ।
कई देशों से महानुभावगण
करेंगे उधर पदार्पण ॥

पधारे होंगे विभीषण
लंकापुरी-विभूषण,
असुर-संघ संग लेकर
लाँघ सुविशाल सागर ॥

भले-भले भल्लुक प्लवंग
अंगद-प्रमुख चल,
आये होंगे सुग्रीव के संग
खुशियों से मलकर वदन-मण्डल ॥

जो समझते लोष्ट-खण्ड-सा सानुमान्,
वही महावीर हनुमान्
अमित-बलवान्
विहरते होंगे वहीं सिंह-समान,
सानन्द सजाकर हृदय पर मुक्ताहार
सीता-प्रदत्त उपहार ॥

नाना-विहंग-लोममालाओं से सुन्दर
अलंकृत कर अपना अपना अंग,
आये होंगे अनेक शबर
निषादराज गुहक के संग ॥

जिन्होंने भ्रातृभक्ति-बल द्वारा
अनायास ठुकरा दिया आलिंगन प्यारा
दुर्लभ राजलक्ष्मी का,
स्थापित कर अग्रज की पादुका
राजसिंहासन पर
फलमूलाहार से बिताये चौदह वत्सर,
ऊँचा किया जीवन
जटाजूट बाँधकर,
जिसे निहारता ऊर्ध्व-वदन
हिमगिरि का तुंग शिखर,
होंगे वही भरत
वहीं श्रीराम के अनुगत,
आकाश में राकेश के समान
कीर्त्ति-कान्तिमान् ॥

क्षणजन्मा लक्ष्मण को देखोगे वहीं
संसार में जिनके सदृश दूसरा कोई नहीं ।
स्वयं वज्र-हस्त
जिसके भय से थे त्रस्त,
उस मेघनाद का घमण्ड सकल
उन्होंने पैरों से दिया है कुचल ॥

मेघनाद-निधन की खबर
कालाग्नि बन
धधक उठी प्रखर
समाकर रावण के हृदय में गहन ।
संग-संग अंग-बल की आहुति डाल
असुरेश्वर ने बना दिया उसे उग्रतर कराल ।
तपाकर उसमें प्रदीप्त शक्ति क्रोधभर
निक्षेप किया वीर लक्ष्मण पर ॥

शक्तिघात-जनित क्षतों का लक्षण
अपने उर पृष्ठ पर
धारण करके वे वीरवर
यथार्थ-नामा हैं ‘लक्ष्मण’ ॥

अक्षियों से देखोगे सामने
जो अक्षरों से देखा है तुमने ।
करोगे सबकी कथा गान
सबके सम्मुख विद्यमान ॥

श्रवण करेंगे वहाँ संगीत सुस्वर
शत-शत नरेश्वर,
साथ तपस्तेज से दीप्त-कलेवर
शत-शत यतिवर ॥

परिचय यदि कोई पूछेंगे उधर
तुम बोलोगे अवश्य :
‘हम युगल सहोदर
महर्षि वाल्मीकि के शिष्य ॥’

बुलायेंगे यदि रघुनन्दन
उनके समक्ष करोगे रामायन गायन ।
वे कौतूहलपूर्ण -हृदय
पूछेंगे यदि तुम्हारा परिचय
तुम दोनों दोगे उत्तर :
‘वाल्मीकि-शिष्य हम युगल सहोदर ॥’

यदि राजा रघुनन्दन
प्रदान करेंगे धन,
लोभ त्याग कर तुम उभय
बोलोगे सविनय :
‘हम क्या करेंगे नरेश्वर !
तापस-कुटीर में धन लेकर ?’

वाल्मीकि-मुख से करके श्रवण
वार्त्ता अश्वमेध-यज्ञ-विधि की,
वैदेही के हृदय में उसी क्षण
जाग उठी व्यथा आकस्मिकी ॥

सीता लगीं सोचने :
‘निश्चित ही रघुकुल-चन्द्र ने
बिठायी गोद में अपनी
लाकर द्वितीया पत्नी ॥

धन्य वही सीमन्तिनी
सौभाग्य-शालिनी,
जिनके तपोवृक्ष में फल बने आकर
सगर-कुल-सागर के कलाकर ॥

कहाँ किसप्रकार कौन-सी
घोर तपस्या की उन्होंने ?
अन्तःकरण मेरा अत्यन्त लालसी
उस तपश्चरण में प्रवृत्त होने ॥

कौन करेगा मुझे सूचित
उस तपश्चर्या का नियमादिक ?
करूंगी तपश्चरण निश्चित
उसीसे भी कठोर अधिक ॥

किसको पता उनकी पूर्व तपस्या का रहस्य ?
वसिष्ठ आदि महर्षिवृन्द जानते होंगे अवश्य ।
अन्यथा उन्हें महारानी चुनी कैसे ?
प्रभु ने किया होगा परिणय उनके मत से ।
तब किसी भी उपाय का प्रयोग कर
लाऊंगी निश्चय वही गुप्त मन्तर ॥’

मन में करके ऐसी भावना
सती ने आरम्भ किया विनय-पत्र लिखना :
‘शरण-वत्सल -केतन,
बैरी-वारणांकुश भीषण,
दुःख-पर्वत-पवि दर्शन
करते जिनमें ज्ञानीगण,
राजराजेश्वर के उन पावन
चरणारविन्द में करती वन्दन
यह दीन भिक्षुका
दूर से अपना शीश झुका ॥

मधु-आशा का अन्धकार
भेदन करने किसी प्रकार
कान्तार में रहकर कातर-मन
प्रेषित करती यह निवेदन ॥

हयमेध महायज्ञ में महाराज
आप स्वयं दीक्षित हो चुके ।
दर्शन दे रही होंगी आज
नवीना वामा वामांक में प्रभु के ॥

मुग्‌ध होंगी मुग्‌धा वल्लभी,
यही विचार करके
शत-गुणित बढ़ते होंगे अभी
सद्गुण आपके ॥

महाक्रतु में प्रदान करेंगे आप अनन्त धन
रत्न-राशि क्षौम वसन ।
पूर्ण होगी वहीं याचक-जनों की कामना ।
जागी है मेरे मन में एक याचना ॥

प्रदान करने यही भिक्षा नगण्य
कृपया आपका न होगा कार्पण्य ।
आप तो स्वयं हैं अपार
दया-रत्नमय दान-पारावार ॥

मैं कौन, जानने की नहीं आवश्यकता,
आप सदा तापसों के अशान्ति-हर्त्ता ।
रहता नहीं तापसों के प्रति
आपका अदेय कुछ ।
मैं तपस्विनी सम्प्रति,
आप न समझेंगे मुझे तुच्छ ॥

आपकी अंक-योग्या सुभगा
जो बनी हैं आज,
सभक्तिक दर्शन कर रहा होगा
जिन्हें जगत का जन-समाज,
कौन-सी घोर तपश्चर्या
पहले कभी उन्होंने की ?
कितने काल तक किधर
किस मन्त्र का जप कर ?
केवल इतनी ही सुदया
करेंगे प्रभु मुझे बताने की ।
अन्य कोई भी धन
नहीं आवश्यक मेरे लिये, हे राजन् ! ॥

कोटि अश्वमेध अध्वरों में दान
की जाती जितनी सम्पदा,
उसीसे भी समझूंगी अधिक महान्
मेरे विचार में उसे सदा ॥

और एक बात का है निवेदन,
अति अबोध हैं इस दुःखिनी के युगल नन्दन ।
पिता के अंक में उपवेशन का
सौभाग्य नहीं उनका ।
जन्म से ही ये कुमार
जानते नहीं पिता का प्यार ॥

जानते हैं रुलाने जननी का जीवन
वीणा-तन्त्री संग करके रामायण गायन ।
कौन रोएगा नहीं फिर
करके मानव-हृदय धारण ?
जिसे सुन हो जाते अस्थिर
वल्लरी-पादप-गण ॥

आपके चरित से स्वयं मोहित होकर
जा रहे हैं महर्षि के साथ दोनों सहोदर ।
दर्शन करने आपके पाद-पद्म पावन
खींच ले रहा उन्हींका मन ॥

आपके अतीत दुःखों की कथा
सुनाएंगे दोनों भ्राता,
जिसे श्रवण कर सर्वथा
हृदय इस दुःखिनी का विदीर्ण हो जाता ॥

श्रवण न करने से उसकी ओर
मन सदा दौड़ता रहता ।
दमित नहीं की जा सकती जोर
उसकी उत्सुकता ॥

हे धीर-धुरन्धर !
उसी कथा को लेकर
यदि आपका श्रवण
दिलाएगा दीना वैदेही का स्मरण,
स्वप्न ही समझ लेंगे आप उसी का प्यार
नयी प्रणयिनी का प्रफुल्ल वदन निहार ॥’

लिख रही थीं पत्र इसी तरह
विकल-हृदया सती ले अपनी गाथा ।
नेत्रनीर-झर से वह
धौत हो रहा था ॥

और लिखूंगी क्या ?
सोच रही थीं बैठ रामप्रिया ।
सहर्ष हँसते-हँसते वहाँ
पहुँच गये कुश लव ;
बोले : ‘ माँ माँ !
धन्य धन्य वे राघव,
धन्या उनकी प्रणयिनी
सती सौभाग्य-शालिनी ॥

श्रीरामचन्द्र कौशल्या-पुत्र
प्रारम्भ कर रहे हयमेध अध्वर ।
साथ ले निमन्त्रण पत्र
एक दूत आया है इधर ॥

दूत से पूछकर जाना हमने इसप्रकार,
रामचन्द्र के कारण आज धन्य यह संसार ।
लोकापवाद उन्होंने मिटा दिया
त्यागकर सीता, अपनी प्राणप्रिया ॥

हयमेध यज्ञ में समीप अपने
रघुकुल-प्रदीप ने
सहधर्मिणी के स्थान है स्थापित की
कनक-मूर्त्ति जानकी ॥

जननी ! दुर्लभ थी क्या
उनके लिये कोई प्रिया ?
कामना उन्होंने नहीं की
द्वितीया पत्नी की ॥

कहाँ गयीं माँ ! सती जनक-तनया ?
जीवित न होंगी क्या ?
इस विषय का ज्ञान हमें
प्राप्त हो न सका रामायण में ॥

माँ ! चलेंगे दोनों भ्राता हम
श्रीराम के कमल-चरण दर्शन करेंगे ।
कह रहे हैं मुनिसत्तम,
हमें संग ले चलेंगे ॥’

पुत्र-युगल के रसान्वित
वचनामृत-सिन्धु की ऊर्मियों ने उछल
कर दिया मज्जित
सीता के जीवन को उस पल ।
था सती का हृदय
जैसे तप्त-सिकतामय ।
प्लावित हो गया उधर
बरसा जब राम-प्रेम का जलधर ॥

मन-ही-मन कहने लगीं सती,
‘हाय ! मैं चिर-पापाचारिणी,
लिख रही थी भारती
प्रभु-हृदय की सन्ताप-कारिणी ॥

मैं तो अबला दुर्बल-हृदया अत्यन्त,
मेरे प्रभु का अनुग्रह अथाह अनन्त ।
प्रभो ! क्षमा-पारावार अगाध !
क्षमा कीजिये मेरा अपराध ।
विधि ने मुझे बना दिया इस पल
आपके हृदय का गरल ॥’

पत्र छुपा तदनन्तर
बोलीं जानकी हर्ष व्यक्त कर :
‘ जाओ प्यारे युगल नन्दन !
करने महाराज के पद-सरोज दर्शन ॥

कह रहे थे तात
वहीं तुम दोनों भ्रात
करोगे संगीत गान ।
स्वभाव से वह तो सुधा-समान ॥

पुण्यमय यज्ञ-क्षेत्र में
वह अमृत-प्रवाह बन
प्रत्येक हृदय-परिसर में
व्याप्त हो जाएगा सघन ॥

तुम्हें बुलाएंगे यदि रघुवंश-प्रदीप,
जाओगे उनके समीप
तुम युगल भ्रात,
करोगे चरणों में सभक्तिक प्रणिपात ॥

उधर देखोगे उनके अनुज-त्रय,
चरणों में उनके प्रणाम करोगे सविनय ।
तुम युगल सहोदर
राजमाताओं के पद-सरोज-रज पावन,
लगाकर मस्तक पर
सफल करोगे अपना जीवन ॥

उन तीनों के समीप आसीन
होंगी सीता की भगिनियाँ तीन ।
चरणों में उनके तुम युगल सहोदर
सीता-सी उन्हें मान प्रणाम करोगे सादर ॥

‘तुम दोनों किसके तनय ?’
यदि पूछेंगे कोई परिचय,
वहाँ दोगे उत्तर :
‘तपस्विनी-धन हम युगल सहोदर ॥’

इसप्रकार वचन से जननी के,
आनन्दित हो उठे नन्दन युगल ।
भर गया मन में उन्हींके
नवल कौतुहल ॥

न रहा भोजन शयन में आदर ;
उनके हृदय के भीतर
नृत्य करने लगी सर्वथा
श्रीराम की गौरव-गाथा ।
कथालाप कर राम-प्रसंग परस्पर
आ गये निद्रा की गोद में दोनों सहोदर ॥

जानकी का जीवन बहता रहा
पतिभक्ति-सरिता-धारा में प्रखर ।
आवर्त्त में भ्रमता रहा
वहाँ अस्थिर होकर ॥

उसे गोद में बिठाने
हुआ नहीं निद्रा का बल ।
इसलिये बताया उसने
योगमाया के समीप चल ॥

कहा : ‘देवीजी ! आज जीवन रामवधू का
मानवी हृदय-सीमा अतिक्रम कर चुका ।
बारह वर्षों तक
बरसाकर लोतक
भिगाकर अपनी शय्या
सीता जनक-तनया
धीरे से आती थी किसी भी प्रकार
मेरे अंक में एक बार ॥

मधुर वाणी में आज बारबार
कितना दे रही हूँ पुकार ।
परन्तु सती कुछ न श्रवण कर
स्वर्ग-राज्य की ओर है अग्रसर ॥

इस पल नेत्र-प्रतिमा पुत्र-युगल
हो जायेंगे उसकी आँखों से ओझल ।
उसके लिये दशों दिशायें सारी
हो जायेंगी अन्धकारभरी ।
सुख-सूर्योदय नहीं
उसके इस जीवन में कहीं ॥

पतिव्रता बनी मैथिली,
परन्तु उसे क्या सुफलता मिली ?
दुःखिनी देख सके अवश्य,
समुज्ज्वल कर दो उसका भविष्य ॥

प्राण-आलबाल में नयनों का पानी डाल
पाया अबला ने पतिभक्ति का उद्यान विशाल ।
वहीं न फूल खिला,
न कोई फल मिला ।
कहो तो उसका जीवन अपना
होगा घोर व्याकुल कितना ?’

योगमाया बोलीं : ‘चलो री सहचरी !
ढलने जा रही शीतल विभावरी ।
सीता के समीप जाकर
हम दोनों अभी सत्वर
उसका भविष्य-रहस्य
प्रकट कर देंगी अवश्य ॥’

तुरन्त निद्रा के संग योगमाया आयीं,
सीता की पर्णकुटी के अन्दर समायीं ।
दिव्य ज्योति से वनस्थल
उठा जगमगा ।
दिव्य सौरभ से महीतल
महकने लगा ॥

पाकर वही सौरभ मन्द-मन्द
जानकी के जीवन में भर गया पुलक ।
ज्योति-प्रभाव से हो गयी बन्द
उनके नयनों की पलक ॥

आया दृश्य यही,
ज्योतिर्मयी विराजी हैं जानकी ।
धरती है जगमगा रही
ज्योति से उनकी ॥

स्वयं मैथिली को साथ लेकर
रत्न-सिंहासन पर
विराजमान हैं प्रसन्न-वदन
ज्योतिर्मय श्रीरघुनन्दन ।
कुश बैठे हैं गोद में पिता की
और लव गोद में सीता की ।
समीप करके छत्र धारण
विद्यमान लक्ष्मण ऊर्मिला-रमण ॥

चन्द्रकिरण-सा शुभ्र सुन्दर चामर
चला रहे भरत स्वधर्म पालन कर ।
मयूर-चन्द्रिका-विरचित व्यजन
ले अपने हाथ झल रहे शत्रुघन ॥

भविष्य-मुख में सबकी जीवन-ज्योति प्रखर
बह रही सरिता का स्रोत बनकर ।
कोटि-कोटि नर नारी सभी मान
पुण्य तीर्थ महान्,
कर रहे हैं उस पावन
प्रवाह में अवगाहन ॥

सुदूर काल-समुद्र की ओर
चल रही जोर,
प्रतिक्षण अपना आकार
बढ़ाकर वही धार ॥

ऊपर से सभी अमर विद्याधर
बरसा रहे सुमन मनोहर ।
अमरों के संग दानव
नाग, अप्सरा, मानव
सबके ‘जय सीताराम’
उच्चार से व्याप्त हो गया धराधाम ॥

घर-घर में, प्राण-प्राण में, नगर-नगर में,
सरिता-नाव में, सागर-पोत में, कन्दर-कन्दर में,
दिन में, रात में,
प्रदोष में, प्रभात में,
सुख में, दुःख में,
धनी निर्धन सभीके हृदय में
‘जय सीताराम’
ध्वनि गूँज उठी है अविराम ।
मुग्ध हो गयीं निहार यही
सती-रमणी-कुल-शिरोमणि वैदेही ॥

* * * *

(तपस्विनी का एकादश सर्ग समाप्त)
= = = = = =


* स्वभावकवि-गंगाधर मेहेर-प्रणीत
ओड़िआ महाकाव्य ''तपस्विनी'' का
डॉ. हरेकृष्ण मेहेर-कृत हिन्दी अनुवाद
सम्पूर्ण *

॥ श्रीः ॥


* * * * *



[ सौजन्य :
स्वभावकवि-गंगाधर-मेहेर-प्रणीत "तपस्विनी".
हिन्दी अनुवादक : डॉ. हरेकृष्ण मेहेर.
प्रकाशक : सम्बलपुर विश्वविद्यालय, ज्योति विहार, सम्बलपुर, ओड़िशा, भारत.
प्रथम संस्करण २००० ख्रीष्टाब्द.]

* * * * *

Tuesday, August 30, 2011

Tapasvini Kavya Canto-9 (‘तपस्विनी’ काव्य नवम सर्ग/ हरेकृष्ण मेहेर)


TAPASVINI
Original Oriya Mahakavya by :
Svabhava-Kavi Gangadhara Meher (1862-1924)

Hindi Translation by : Dr. Harekrishna Meher
= = = = = = = = = =


[Canto-9 has been taken from pages 163- 179 of my Hindi ‘Tapasvini’ Book
Published by : Sambalpur University, Jyoti Vihar, Sambalpur, Orissa, First Edition : 2000.]
For Introduction, please see : ' Tapasvini : Ek Parichaya '
Link :
http://hkmeher.blogspot.com/2008/07/tapasvini-ek-parichaya-harekrishna_27.html

= = = = = = = = = = = = = =
Tapasvini [Canto-9]
= = = = = = = = = = = = = =


तपस्विनी’ महाकाव्य
मूल ओड़िआ रचना : स्वभावकवि गंगाधर मेहेर (१८६२-१९२४)
सम्पूर्ण हिन्दी अनुवाद : डॉ. हरेकृष्ण मेहेर

= = = = = = = = = = = =
नवम सर्ग
= = = = = = = = = = = =


सती का गर्भ-भार
धीरे-धीरे समयानुसार
हो चला गुरुतम
करके गुरुतर-भाव अतिक्रम ।
बैठ गयीं तो दुष्कर लगा उठना,
उठने से दुर्वह लगा शरीर अपना ॥

सती को इसी समय कष्ट होगा जान
वर्षा ने कर डाला ग्रीष्म का अवसान ।
श्रान्त प्राणों में शक्ति प्रदान करने
चतुर्दिशाओं में घिर उठे बादल घने ॥

ऊर्ध्व दिशा में सबने रोक सूर्यातप प्रबल
तान दिया अम्बर में चन्द्रातप श्यामल ।
चन्द्रातप-द्युति ने शम्पा-छटा से उसी क्षण
चकाचौंध कर दिये जनों के ईक्षण ॥

दिशांगनाओं ने नील वेणियाँ सँवार
खचित की बक-मोतीमाला उन पर ।
दिक्‌पालों ने सजा दिये सुन्दर बन्दनवार
रत्नाकर से रत्न-रेणु उठाकर ॥

पूर्व-दिगीश इन्द्र स्वार्थपर समुत्सुक
लज्जा त्याग बोले : ‘वह मेरा कार्मुक ।’
पश्चिम-दिक्‌पति रत्नाकर-अधीश्वर
बोले असहिष्णु होकर :
‘मेरे रत्नों से रचित वही
रहेगा मेरे समीप ही ॥’

अन्य दिक्‌पालों ने साधु धर्म मान
बारी का कर दिया समाधान,
उन दोनों के लिये पास अपने अपने
धनुष की स्थापना करने ॥

पुत्री-दुःख-सन्तप्ता रसा के सिर पर उस पल
वर्षा ने बरसाया जल सुशीतल ।
सरिता, सरोवर,
कानन, भूधर
सभी के सिर पर किया नीर सिञ्चन
स्वयं निष्पक्ष बन ॥

तृण-शस्यांकुर और कदम्ब-विकास रूपक
सञ्चरित हुआ धरित्री का पुलक ।
नीर से भरपूर
हो गया वसुधा का उर ॥

उभय तट उछल तमसा लगी चलने ;
सीता को आसन्न-प्रसवा निहार
मानो खुशियाँ लगीं उछलने
सभी के हृदय में अपार ॥

महीधर कानन सकल
छोड़ हृदय का अनल,
मलने लगे अपना अपना तन,
प्रफुल्ल हो उठे सारे वदन ॥

कण्टक-दुर्ग-वासिनी केतकी
होकर भी कण्टक-कलेवरा,
जैसे कहने लगी मधुर मुस्कान बिखरा :
‘ विपत्ति-विपिन में बँधी जानकी !
चिन्ता न करना अपने मन में ।
कण्टक-कानन में कण्टकिता मैं स्वयम्,
फिर भी वन्दिता हूँ सारे भुवन में
वितरण कर सौरभ मनोरम ॥

तापसी-वन में बनकर तपस्विनी धन्या
मनस्विनी ! तुम होगी विश्व-मान्या ।
लोगों की आँखें
जितना भी दूषण देखें,
वह क्या करेगा भला ?
अपना गुण जब दिव्यालंकार उजला ॥

कण्टक देखकर
यदि मधुकर
न दिखलाये मुझ पर अनुराग,
क्या सौरभ की स्पर्धा दूंगी त्याग ?‘

रमणीय कृष्णचूड़ा-पुष्प ने
प्रफुल्ल सौम्य वेश दिखला अपने
प्रलोभित किये सरस
दर्शकों के नयन मानस ॥

गजदन्त-पुष्प ने वसन्त समय से ठहर
वर्षा को दी सुमनों की खबर ।
कमल, मल्लिका और कुटज की कथा
उधर हुई अति प्रीतिदायिनी सर्वथा ॥

वर्षा ने उन्हें रत्न मानकर
किये बहुत यत्न प्रतिवासर ।
परन्तु कौन कर सकता अतिक्रम
विधाता का नियम ?

वर्षा कर न सकी
अपनी शक्ति से रक्षा उनकी ।
विनाश हुआ तीनों का
आया जब काल का झोंका ।
सती को चला पता यहीं,
आजीवन साधु उपेक्षित होता नहीं ॥

पुष्पालंकारों से सांवत्सरिक उत्सव मनाया
जूही लताओं ने मिलकर सकल ।
मानो सती का मानस बहलाने बनाया
वही सुगन्ध-महल ॥

अम्बुद-नीलाम्बरा श्रावणी विभावरी
हस्त-मस्तक में ले यूथिका रजनीगन्धा महकभरी,
सती-कुटीर के प्रांगण में खड़ी होकर
व्यथा मिटाने थी उजागर ॥

जानकी का प्रसव-लक्षण
प्रकाशित होने लगा आ प्रतिक्षण ।
सती का क्लेश लेकर
अदूर में अत्यन्त आर्त्त स्वर
दर्दूर सब रो पड़े
विकल हो बड़े ॥

चातक ने लेकर सती की तृषा
अम्बर में बारम्बार की वारिद से वारि-भिक्षा ।
वृद्धा तापसियाँ सती के समीप रहकर
समयोचित विधान में हुई थीं तत्पर ॥

निशा में निशामणि-कान्ति-हारक
सम्भूत हुए सती के यमज बालक ।
कुमारों की ज्योति ने मिल सौदामिनी के संग
दश दिशाओं में बिखरा दी आलोक-तरंग ॥

तोप गर्जन किया सानन्द पुरन्दर ने ;
न जाननेवाले लगे उसे ‘वज्र’ कहने ।
दिशांगनाओं की हुलहुलि-ध्वनि सहित
मिल गया मस्ती से मेघों का स्तनित ॥

सारे पर्वत कानन
बरसाने लगे सुमन ।
केदार, नदी, सरोवर
सब हो गये नृत्य-तत्पर ॥

कुमारों के दर्शनाभिलाषी घन
उतर आये नीचे धारा-रूप बन ।
पुलिनों के ऊपर उछल
चलने लगीं चञ्चल
सारी सरिताएँ उत्कण्ठित-मानसा
हृदय में भर दर्शन की लालसा ॥

मत्स्यगण त्याग सागर का अंग
लगे नृत्य करने तरंगिणी संग ।
झील-सरोवर-क्षेत्रों के अन्दर
उठ सलिल के ऊपर
सानन्द-मन कई मीन
हुए नृत्य में तल्लीन ॥

दर्शनेच्छुक ‘केउँ’ मछली
अतिशय उछलकर
सबके आगे चली
चढ़ ताल-तरु के शिखर ॥

महर्षि वाल्मीकि ने सत्वर पधार
सन्दर्शन किये युगल कुमार ।
सोचा उन्होंने साग्रह,
‘वृहस्पति शुक्र दोनों ग्रह
एक साथ चल
आश्रम-अम्बर में आये निकल ॥’

महर्षि का प्रभात-सा हृदय
आनन्द-पुष्पों से हो गया सौरभमय ।
कुश-गुच्छ लिये
हाथ में अपने,
अग्र पश्चात् द्विखण्ड किये
मन्त्रोच्चार सहित मुनिवर ने ॥

अनुकम्पा के हाथ सौंप बोले तपोधन :
‘देवी ! करो कुमारों का सम्मार्जन ।
कलेवर मार्जन करो अग्र खण्ड से अग्रज का
और निम्न खण्ड से अनुज का ॥’

अनुकम्पा ने किया सम्पन्न
जानकी-तनुजों का सम्मार्जन
मुनीश्वर के आदेश अनुसार,
भूतनाशिनी रक्षा उसी प्रकार ॥

कुश-लव के प्रयोग से सम्मार्जित अंग युगल (१)
शाणित रत्नों से भी हुए अधिक समुज्ज्वल,
जैसे तृण-युक्त वैश्वानर,
या सागर-तरंग-मुक्त नवल दिवाकर ॥

जब वैदेही लगीं निहारने
कुमारों के युगल आनन,
हुआ हृदय में अपने
सुख-दुःख का एक साथ आगमन ॥

सुख बोला : ‘गर्भ में अपने
धारण किये थे जिसने
सूर्य-चन्द्रोपम युगल कुमार,
धन्य वही जननी, धन्य शत बार ।
इससे अधिक सौभाग्य कहीं
संसार में दूसरा नहीं ॥’

दुःख बोला : ‘आज दोनों राजकुँवर
मणिमय भवन में लगते कितने सुन्दर ।
नरेन्द्र-हृदय में अपार आनन्द जगाते,
दीन दुःखियों की दरिद्रता दूर भगाते ॥

प्राप्त करते आज नगरवासीगण
कितने धन रत्न वस्त्र आभरण ।
मंगल नादों से भरा होता नगर,
मंगल वाद्यों से गूँज रहा होता अम्बर ।
ओह ! भाग्य-दोष से बन तापस-तनय
तापसों के आश्रम में लिया आश्रय ॥’

सती-नयनों से लेकर
सलिल दो धार,
दुःख चला गया सत्वर
देकर पुत्रों का प्यार ॥

निहार कुमारों के रूप उभय,
शुद्ध सुखमय हो गया सती का हृदय ।
उनका मन तभी
लगा नहीं तनिक-भी
चलाने अपने नेत्र
पुत्रों को छोड़ अन्यत्र ॥

मातृ-नेत्रज-स्नेह-समुज्ज्वल रंग
कुमारों के युगल अंग
रंगकर बारबार,
लाया उन नयनों में प्रतीति इस प्रकार,
मानो हैं उदीयमान
नवल हिमांशु और अंशुमान् ।
मानस में कर सिंहासन की स्थापना
दरशाया आनन्द ने सार्वभौमत्व अपना ॥

सहर्ष अनुकम्पा ने किया सम्पादन
शीघ्र कुमारों का नाभिच्छेदन ।
तदुपरान्त ले मन्त्र-पूत जल
अवगाहन कराके निभाये विधान सकल ॥

करने लगीं कोलाहल
निहार कुमार युगल
तापसियाँ आनन्द-गद्गद स्वर ।
रहे मुनिपुत्रगण पङ्क्तिबद्ध नृत्य-तत्पर
साथ-साथ करके संकीर्त्तन
श्रीराम-नाम पावन ॥

दुर्धर्ष दुर्जन लवणासुर का करने निधन,
वीरवर शत्रुघन
रहे थे प्रस्थान-पथ पर उसी रात
पावन वाल्मीकि-आश्रम में दैवात् ॥

आश्रम के उस आनन्द-नाद में
रमकर रिपुसूदन
स्वयं आनन्द-नद में
हो गये मगन ॥

अत्यन्त प्रफुल्ल-अन्तर
उन्होंने प्रशंसा कर
जानकी से कहा :
‘मातः ! आप हैं रघुवंश में पावनी,
सर्वंसहा आपकी जननी ।
इसी कारण आप भी स्वयं सर्वंसहा ॥

वसुमती-नन्दिनि ! आपने
वसु रखा था गर्भ में अपने ।
हमारा सौभाग्य महान् ।
किया रघुकुल को आज जो वसु प्रदान,
विराजेगा वह विभास्वर
अयोध्या-राजलक्ष्मी के मस्तक पर ॥’

मुनिकुमारों के आनन्द-कोलहल में उधर
सम्मिलित हो गये सारे विहंग,
दल-बद्ध होकर
कुरंगों के संग ॥

एक पल-सी बीत गयी विभावरी
श्रावणी वर्षिणी भयंकरी ।
लवण के प्रति सुमित्रा-पुत्र हुए अग्रसर
मुनि-चरणों में नमन पूर्वक सादर ॥

तापस-तापसियों को द्रव्य से करने प्रसन्न
लगा स्वभाव से सती का मन ।
परन्तु सती का वहाँ
इच्छानुरूप धन कहाँ ?
उन्होंने तो स्वयम्
आश्रय कर लिया है वनाश्रम ॥

चाहती चाँदनी विश्वभर
तृप्ति प्रदान करने,
परन्तु हाय ! गगन पर
छा गये बादल घने ॥

जब आईं जानकी
अपने भवन से,
मन में भावना थी उनकी
शीघ्र लौट चलेंगी वन से ।
मुनिकन्याओं के लिये लायी थीं उपायन
कुछ आभूषण और वसन ।
तापस-तापसियों के मन में सन्तोष लायीं सीता
उन्हें बाँटकर लज्जावश विनीता ॥

उन सबका हृदय-पारावार
करने लगा विस्तार
परम प्रसन्नता की लहर,
उन्हें चन्द्रकिरण-जैसे पाकर ॥

थे सती ने सञ्चित किये
जितने फल और नीवार,
सब बण्टन कर दिये
खग-मृगों को आहार ॥

खींचतान कर परस्पर
भक्षण किया सबने ।
चञ्चू से पकड़ तत्पर
कुछ विहंग लगे उड़ने ॥

सारिका-शावक नीड़ में अपने
बैठे थे खोल वदन,
सस्नेह उन्हें उनकी माता ने
कर दिया आहार बण्टन ॥

सहर्षनाद मयूरियों के संग मोर
हो गये वृक्षों पर अत्यन्त नृत्य-विभोर ।
कोकिल ने घूम द्वीप-द्वीपान्तर
प्रचार कर दी वह शुभ खबर ॥

कैलास को देने वही मंगल समाचार
चला राजहंस आनन्द-नाद पसार ।
रखा था गौरी को दिलाने विश्वास
मृणाल-किसलय का पत्र अपने पास ॥

समाचार से हृदय में भर उल्लास अत्यन्त,
शिवजी से करके निवेदन,
छोड़ अपना कैलास-सदन
सती के हाथों पूजा-प्राप्ति की अभिलाषिणी
गौरी षष्ठीदेवी-रूपिणी,
अम्बर में कादम्बिनी के संग विराज
जलद-ज्योति के व्याज,
पहुँच गयीं वाल्मीकि-आश्रम पर तुरन्त ॥

सप्त तापस-कन्याओं के कलेवर में
विराज सप्त-मातृका समान,
वर-भुजा गौरी ने षष्ठ वासर में
सती-हस्त की अर्चना स्वीकार सादर
समस्त अरिष्ट विनष्ट कर,
यमज पुत्रों को किया सिंह-बल प्रदान ॥

हुआ क्रम से दिवस उपनीत
नामकरण का अवसर पुनीत ।
कुमारों के नाम श्रवण के प्यासे
स्वर्गपुर त्याग उधर पधारे देवगण ।
देवियों ने उस उत्सुकता से
किया दलबद्ध होकर उनका अनुसरण ॥

शरत् काल के शुभागमन हेतु उधर
मार्ग छोड़ रहा था अम्बर में अम्बुधर ।
उस मार्ग पर सब रवि-तेज के सहित
अनायास चले ज्योतिर्मय स्यन्दन में विराजित ॥

आश्रम में पहुँच तब
सुमन-समूह में महक बन
अत्यन्त मन-मोहन,
बस गये सब
स्वर्गीय सुन्दरता बिखराकर
विकास के बहाने मुस्कुराकर ।
तापस-तापसियों के हृदय के भीतर
कुछ समा गये आनन्दमय होकर ॥

पाकर महर्षि वाल्मीकि का निदेश
द्विगुण आनन्दित-मन
तापस-तापसियों ने सत्वर
उपवन में करके प्रवेश,
लाकर कई नव पल्लव सुमन
की मण्डप रचना मनोहर ॥

निशीथिनी के प्रथम प्रहर में उधर
लगा अतिशय सुन्दर
आश्रम चित्ताकर्षक,
प्रज्वलित प्रदीप-मालाओं से ।
प्रचुर ऐंगुद तैल समस्त दीपक
लूट रहे थे तापसों के हाथों से ॥

चहुँदिशाओं में कुसुमित तरु-वल्लरियाँ
खिलखिला रही थीं पाकर रश्मि की ऊर्मियाँ ।
था वही समय सुमनों का त्योहार
चक्रवर्त्तिनी का बढ़ रहा था गर्व-भार ॥

समुद्रों में जैसे क्षीर-पारावार,
वृन्दारकों में पुरन्दर जिस प्रकार,
जैसे हिमगिरि के तुंग शृंगों में गौरीशंकर,
वैसे वाल्मीकि तपस्वी महान्
विराजे मुनियों में शोभायमान
मण्डप में आसन बिछाकर ॥

संग लेतीं युगल अश्विनीकुमार
छाया और संज्ञा जिस प्रकार,
वैसे कर-कमलों से थाम
यमज कुमार अभिराम
पधारीं मण्डप में सती और अनुकम्पा ।
आविर्भूत हुई शोभा वहीं सदर्पा ॥

कृष्ण-त्रयोदशी-शशी के पास निकली
भा रही नभ में
प्रभाती तारका ।
मानो खड़ी है प्राची मतवाली,
सरोवर-गर्भ में
धारण कर प्रतिबिम्ब उनका ॥

सीता की सहचरियाँ
प्रसन्न-मुख सरल-हृदया तापस-कुमारियाँ
सती-प्रदत्त वसनों से सुशोभना,
आवृत कर कलेवर अपना अपना
अतिशय प्रमुदित-अन्तर
बैठ गयीं सती के समीप उधर ।
प्राप्त कर उषा-प्रदत्त नयी किरण उज्ज्वल,
जैसे उषा के पास सरोजिनी सकल ॥

देवार्चना हुई सम्पन्न
वैदिक विधि के अनुसार,
हुआ मंगल शंख-स्वन
और तूर्यनाद का विस्तार ॥

ज्येष्ठ पुत्र को शुभाशीष देकर
बोले प्रसन्न-मन मुनिकुल-शेखर :
‘कुशाग्र-मार्जित इसका नाम होगा ‘कुश’,
बनेगा बैरी-वारणेन्द्र-गण का अंकुश ।’
महामनीषी मुनीश ने उसी प्रकार अभिनव
कनिष्ठ पुत्र का नाम रखा ‘लव’ ॥

राम-नाम उच्चारण किया मुनियों ने
बजाकर संग-संग
मन्दिरा, खञ्जनी और मृदंग ।
तापस-नन्दिनियों ने
वीणा बजाकर मांगलिक
गाये गीत सुधा से भी मधुर अधिक ॥

सुरभि-रूप धारण कर
समस्त अमरी अमर
हो गये वहाँ नृत्य-मगन
अपार आनन्दित-मन ।
चतुर्दिशाओं में स्थित मृग-मृगीगण
निहार रहे विस्मितेक्षण ॥

आश्रम के आनन्द-कोलाहल में वनभूमी ने
योगदान किया प्रतिध्वनि के बहाने ।
वल्ली पादप सभी मानो संगीत-तत्पर
हो गये विद्याधर-विद्याधरियों का गर्व अपनाकर ॥

आनन्द से जगमगा उठा आश्रम,
परन्तु सती के वदन-कुमुद में तम
राम-चन्द्र ही के बिना छा गया ।
उनका पर्व तो था अमावस्या ।
अन्धकार ने बढ़ाया गौरव उन्हींका,
अन्धकार के कारण ही आदर है चाँदनी का ॥

सती के नन्दन-रत्नद्वय सुन्दर
हुए उधर दृश्यमान,
रत्न-सानु के गभीर कन्दर
जैसे शोभायमान ॥

ऋषि-देवों ने मिल मनाकर आनन्द त्योहार
किया सती का गौरव विस्तार ।
स्वाभाविक रीति यह महाजन की,
सुपात्र को सम्मान देने में प्रीति उनकी ॥

अन्त में कुमारों के प्रति
कल्याण-कामना के बाद
प्रदान किया महामति
मुनिवर ने शुभाशीर्वाद ॥

तापसों के हृदय-कमल में आसन बसाकर
‘तथास्तु’ उच्चारने लगे समस्त अमर ।
गंभीर नाद में वन-पादप-लतिका सकल
‘तथास्तु’ कहने लगे आनन्द-विह्वल ।
‘तथास्तु’ उच्चारने लगे सुस्वर
दिशा-विदिशाओं से सारे दिगीश्वर ॥

= = = = = =


[पादटीका :
(१) कुश = द्वि-खण्डित कुशगुच्छ का अग्र खण्ड ।
लव = द्वि-खण्डित कुशगुच्छ का निम्न खण्ड । ]
= = = = = = = =


(तपस्विनी काव्य का नवम सर्ग समाप्त)
= = = = = = = =


[ सौजन्य :
स्वभावकवि-गंगाधर-मेहेर-प्रणीत "तपस्विनी".
हिन्दी अनुवादक : डॉ. हरेकृष्ण मेहेर.
प्रकाशक : सम्बलपुर विश्वविद्यालय, ज्योति विहार, सम्बलपुर, ओड़िशा, भारत.
प्रथम संस्करण २००० ख्रीष्टाब्द.]

* * * * *


Sunday, August 28, 2011

Tapasvini Kavya Canto-6 (‘तपस्विनी’ काव्य षष्ठ सर्ग/ हरेकृष्ण मेहेर)


TAPASVINI
Original Oriya Mahakavya by :
Svabhava-Kavi Gangadhara Meher (1862-1924)
Hindi Translation by : Dr. Harekrishna Meher
= = = = = = = = = =


[Canto-6 has been taken from pages 101-120 of my Hindi ‘Tapasvini’ Book
Published by : Sambalpur University, Jyoti Vihar, Sambalpur, Orissa, First Edition : 2000.]
For Introduction, please see : ‘Tapasvini : Ek Parichaya'
Link :
http://hkmeher.blogspot.com/2008/07/tapasvini-ek-parichaya-harekrishna_27.html

= = = = = = = = = = = = = =
Tapasvini [Canto-6]
= = = = = = = = = = = = = =


तपस्विनी’ महाकाव्य
मूल ओड़िआ रचना : स्वभावकवि गंगाधर मेहेर (१८६२-१९२४)
सम्पूर्ण हिन्दी अनुवाद : डॉ. हरेकृष्ण मेहेर


= = = = = = = = = = =
षष्ठ सर्ग
= = = = = = = = = = =

एक दिन अम्बर में उठ चले चन्द्रमा
साथ ले चित्रा प्रियतमा ।
वन में खिलने लगीं
विमल नवमालिकाएँ ।
विकसित पुष्प-गुच्छ धारण कर
प्रमुदित-अन्तर
धीरे-धीरे डोलने लगीं
आश्रम की मल्ली-लतिकाएँ ॥

माधवी-वकुल-मल्ली-नियाली
सुमनों का सौरभ सम्भार
ले मन्द-मन्द कर रहा स्वच्छन्द विहार
समीरण तमसा के पुलिन पर,
सुन्दर उजली
चाँदनी को गले लगाकर ॥

सती-कुटीर के निकट ले आकार
अनेक प्रकार,
तरु-छाया में खण्ड-खण्ड चन्द्र-रश्मियाँ कोमल
धीरे-धीरे प्राची दिशा की ओर आगे चल
घटाती थीं कभी अपना शरीर
कभी बढ़ाती, कभी छुपाती फिर ॥

जगमगा रही शीतल चाँदनी सुन्दर ;
बैठी थीं सती मैथिली
कुटीर से थोड़ी दूरी पर
साथ ले अपनी सहेली ।
सती के समीप चाँदनी ऐसी थी भा रही,
मानो सती के अंगों से निखर आ रही ॥

खद्योत युगल उसी समय
एक ही पत्र में ले आश्रय
रहे थे द्युति वितर
चन्द्र से भी सुन्दरतर ॥

उन्हें करके अवलोकन
कह रही थीं सती मन-ही-मन,
‘अरे खद्योतो ! धन्य हो तुम सभी
पतंग-जन्म लेकर भी ।
तुमसे बढ़कर अधिक
अनेक जीव हैं जग में वास्तविक,
फिर भी तुम्हारी भाँति
और हो सकती किसकी कान्ति ?
हो बड़े भाग्यवान्,
पाया था तुमने विश्वपति से वर महान् ।
उसी कारण कान्ति तुम्हारी
दुनिया के नयनों में भरती खुशी प्यारी ॥’

चक्रवाक-ध्वनि इसी समय दी सुनाई,
बारबार उसने करुणा बरसाई ।
सती-नेत्र-नदी के कपोल-पुलिन तक
उछल गया बरबस वही करुणा-उदक ।
सहेली से छुपा स्वेद के बहाने
आँचल से तुरन्त वदन पोंछ दिया सीता ने ॥

बात समझ बोली सहचरी :
‘कहो सुशीले ! आती जब विभावरी
चक्रवाक क्यों रोदन करते ?
क्या वे विहग रहते
नगर के भीतर ?
और वहीं रोते अर्ध-रात्रि में कातर ?

यदि वे करते रोदन,
नागरिकगण उधर
क्या सोचते मन-ही-मन
सुनकर उनका करुण स्वर ?’

जानकी यह सुन तत्काल
न सकीं आँसू सम्हाल ।
वहीं कण्ठ-स्वर उनका
रोधक हुआ वचन का ॥

यह देख बोली सहचरी :
‘छोड़ो उन बातों को, प्यारी अरी !
मेरी चपलता क्षमा कर दो कृपया,
अकारण ही तुम्हें कष्ट पहुँचाया ॥’

बोलीं जनक-कुमारी :
‘अरी सखी प्यारी !
प्रदान न करने से अपना परिचय
अस्थिर हो रहे हैं मेरे प्राण निश्चय ।
भरोसा है मन में मेरे,
शेष जीवन यहाँ बिताऊंगी संग तुम्हारे ॥

न कहूंगी अपनी बात तुम्हारे पास
तो रहेगा कैसे मुझ पर तुम्हारा विश्वास ?
कह देने से बोझ मेरे दुःख का
निश्चित हो जायेगा हल्का ।
उससे समझ लोगी संसार
है किस प्रकार ॥

सखी ! मैं राजकुमारी
सम्पत्ति की डोली में भली
राजनगर की प्यारी
सुहानी गोद में पली ॥

हंस, केकी, कोकिल, शुक सारिकाओं के विमोहन
मधुर स्वर में गूँज रहा राजभवन ।
था चक्रवाक उधर
रजनी में रोदन-तत्पर ।
उसके लिये वहीं
मेरे वाल्य-हृदय में दुःख था नहीं ॥

सखी ! ले ली वाल्यावस्था ने बिदाई ;
तरुणिमा जब छाई,
देखा मैंने उधर
पधारे अनेक देशों से अनेक नरेश्वर ॥

रखा था पिताजी ने एक धनुष रत्नमय,
वह मनोरम था अतिशय ।
एक एक सारे नरेश्वर,
बैठ जा रहे थे धनुष एकबार खींचकर ॥

वहीं रत्न-मुकुट में छुपाकर भला
अपने शुक्ल केश,
बल दिखलाने लगे कई नरेश ।
कुछ नरपाल यौवन-सम्पन्न,
किशोर-केशरी की भंगी दिखला
हट गये धनुष स्पर्श कर अवसन्न ॥

दर्पभरी गमन-भंगी संग साहस निष्फल
निहार उन लोगों के सकल,
हँसी आती थी मेरे मुख में तब ।
बैठ प्रासाद के ऊपर
मैं कौतुक-अन्तर
सखियों के संग देख रही सब ॥

पधारे अन्त में एक क्षत्रियकुल-शिरोमणि तभी
जिनकी ज्योति से निष्प्रभ लगता मरकत भी ।
धनुष के समीप हुए विराजमान
मानो राजपुत्र-रूप स्वयं अंशुमान् ॥

उन्हें दर्शन कर चुपचाप
द्रवित हो गया हृदय मेरा अपने आप ।
तापसी-जीवन में यहीं
वही अनुभव है नहीं ॥

उपहास किये थे कितने
नरेशों के प्रति मैंने ।
परन्तु आ गया तुरन्त
सारी चपलताओं का अन्त ॥

ऐसा सौम्य रूप दर्शन
कर पाएंगे मेरे नयन,
कभी तो भावना अपनी
थी नहीं मेरे मन में, सजनी ! ॥

उनके रक्तिम चरण-युगल में उसी क्षण
किया प्रणिपात अर्पण,
मेरे निर्मल हृदय ने सविनय
भक्ति-प्रीति से तन्मय ॥

था मेरे पिताजी का प्रण,
‘करेगा जो धनुष भंग
सम्पन्न करवाएंगे मेरा पाणिग्रहण
उसीके ही संग ॥’

सोचा मैंने, ‘उसी दिन ही
समाप्त हो गया प्रण वही ।
पिताजी की आज्ञा लेकर
तपस्विनी बन जाऊंगी सत्वर ॥

कौन भंग करेगा शरासन
इसमें निश्चित बात क्या ?
वीर-शिरोमणि ने तो मेरा मन
अब है क्रय कर लिया ॥

एक में मन हो अनुरागभरा
और पति मिले यदि कोई दूसरा,
जीवन में मृत्यु में तब अपनी
होगी दुर्गति दारुण घनी ॥

रम्य हस्त जिनका
भाजन है पुष्प-वाणासन का ।
उनका यह धनुष धारण करना
केवल अवमानना ॥’

मेरा था सौभाग्य मंगलमय,
वीरश्रेष्ठ ने उसी समय
कर दिया धनुष भंग
मेरा हृदय-सन्ताप भी संग-संग ॥

सम्पन्न हुआ उनके साथ यथारीति
मेरा परिणय मांगलिक ।
पाकर उनकी स्वर्गीय प्रीति
मैं धन्य हो गयी आन्तरिक ॥

वीर-प्रवर के थे अनुज त्रय,
मेरी तीनों भगिनियों से हुआ उनका परिणय ।
जब किया पितृ-पुर से पति-पुर प्रस्थान
स्वामी के हाथ एक धनुष ज्योतिष्मान्
अर्पण किया मेरे सामने
क्षत्रियकुल-केतु भार्गव-पुंगव परशुराम ने ॥

इस घटना को देखकर
मेरे मन में आ गया डर ।
होगा मेरे प्राणनाथ के सहित
अन्य किसी तेजोमयी नारी का मिलन,
जो बन जायेगी निश्चित
मेरी प्रीति की बैरन ॥

उसी धनुष में मेरे प्रिय स्वामी ने
किया जब शर-सन्धान,
अविलम्ब भार्गवी वीरलक्ष्मी ने
वर-माल्य पहनाया उन्हें ससम्मान ।
नलिनी के प्रति जैसे रश्मि सूर्य की,
वीरश्री ने बढ़ाई प्रीति मेरे हृदय की ॥

मानस ने एक बात सोच रखी,
फल दूसरा हो जाता ।
दुनिया में विधि का विधान, सखी !
समझ में नहीं आता ॥

तेजोमय वीर-केतन
अम्बर में फहराकर,
अग्रसर हुए उल्लसित-मन
मेरे प्रियतम वीरवर ॥

सम्पत्ति-कानन मेरा श्वशुरागार ;
आयी जब वहीं शुभ-वार्त्ता की बयार,
सादर उसे निहार
आनन्द का पुष्प-सम्भार
शोभा-तरु में लगा खिलने ।
लोगों का अन्तःकरण
कर लिया आकर्षण
प्रभा-पल्लव ने ॥

नव विवाहित चार वीर भ्रातृगण
दीप्यमान भाये धारण कर रत्नाभरण ।
उससे भी अधिक सजा वधुओं के वेश उज्ज्वल,
परम आनन्द से वे पधारे राजमहल ॥

आली ! उस राजभवन में एक थी वृद्धा,
उसी समय बातों में बरसने लगी प्रीति-सुधा ।
नक्षत्र-पुञ्जों से मनोहर
चतुर्दिशाओं के अम्बर
राजभवन में विराज
उसे मञ्जुल सजाने लगे आज ॥

देखा मैंने, भगिनियों के मुखमण्डल प्रसन्न,
नव प्रीति-लज्जा से थे लालिमा-सम्पन्न ।
उनमें स्वेद बिन्दु-बिन्दु निकल
रत्न-दीप्ति से दीप्तिमान् हो गये सकल ।
तुम्हारे स्वेदयुक्त ललाट पर
आज निहार सुन्दर
सुमधुर चाँदनी,
उस बात का स्मरण हो रहा, सजनी ! ॥

स्वर्ग-वैभव-भोग
जिसे कहते हैं लोग,
श्रवण उसे समझकर सच
मन में जगाता लालच ।
स्वर्ग-लालसा में नरेश्वर
राजसिंहासन त्याग कर,
वन में फलमूलाहारी बन
तपश्चर्या में रहते मगन ॥

सखी ! श्वशुर-भवन में
मैंने देखा जैसा,
सोचा, महेन्द्र के अमर-निकेतन में
कभी होगा नहीं वैसा ॥

श्वशुर-श्वश्रुओं के स्नेह कितने
और प्राणपति की अपार प्रीत ने
स्वर्ग-भुवन के प्रति
मेरे मन में जगायी हेय प्रतीति ॥

सम्पन्न हुए नव-नव
कितने भव्य महोत्सव ।
संसार में ऐसा होता, यही बात
नहीं थी मुझे ज्ञात ॥

किया मैंने समय अतिवाहित
पति के प्रेम-रत्न सहित
राजभवन के रत्नों के मनभावन
मयूख-सुख में होकर मगन ।
चक्रवाक के करुण स्वर करने श्रवण
मुझे निशिदिन अवकाश नहीं था एक क्षण ॥

बीत गये बारह
वर्ष इसी तरह,
बारह दिनों के समान
हुए मेरे मन में प्रतीयमान ॥

एक दिन मेरे समीप आकर
बोले सहास्य-वदन प्राणेश्वर :
‘आज की रजनी
अधिवास में बितायेंगे, सजनी !
तुम्हें हृदयालंकार बनाने की
अभिलाषा रख आन्तरिकी,
राजलक्ष्मी अर्पण करेगी कल
मुझे वर-माला सुमंगल ॥’

तब मैंने कहा :
‘प्राणेश्वर ! आपका पूर्ण रहा
जो स्वर्गीय अनुराग मुझमें यहीं,
विभाजित तो होगा नहीं ?’

वे बोले फिर :
‘यह स्वाभाविक हो ही भले,
झुक जाता राजलक्ष्मी का सिर
सती के चरणों तले ।
ऊपर चल नीर पारावार का
बादल बनता अम्बर में,
मंगल विधान कर संसार का
समा जाता पारावार के उदर में ॥’

मंगल विधि से भली
वही विभावरी बीत चली ।
मंगल वाद्य सबेरे
श्रुतिगोचर हुए बहुतेरे ॥

गये सचिव के साथ
पिताजी के समीप मेरे प्राणनाथ ।
वहींसे करके प्रत्यावर्त्तन
कहा मुझे दुःखभरा वचन :
‘जीवन-संगिनि ! पास तुम्हारे
समर्पित कर मेरे प्राण प्यारे
आज करता हूँ वनवास हेतु प्रस्थान
पिताजी की आज्ञा मान ।
युवराज होंगे मेरे प्रिय भरत भाई,
उनके प्यार में हैं राजलक्ष्मी आई ।
मानिनि ! त्याग तुम ज्येष्ठा का अभिमान
करोगी राजमान्य से भरत का सम्मान ॥’

स्वामी का मुखमण्डल प्यारा
मैंने उधर निहारा,
पहले की भाँति वह लगा
शान्ति से रहा था जगमगा ॥

करने कानन-गमन
चञ्चल हो रहा स्वामी का मन,
परन्तु मेरे लिये जैसे उनका हृदय
हो रहा था व्याकुल अतिशय ॥

मैं मान लेती परिहास
समस्त कथन उन्हींका,
मच गया उच्छ्‌वास
चतुर्दिशाओं में रुलाई का ॥

हाहाकार-नाद से अतिशय
भवन लगा काँपने,
मैंने सोचा साश्चर्य,
‘ये क्या अद्भुत सपने ॥’

‘जीवेश्वर !’ कहा मैंने चकित-मन,
‘यदि आप प्रस्थान करेंगे कानन में,
क्या रहा प्रयोजन
इस दासी का राजसदन में ?

मैं राज्ञी बननेवाली थी,
भिखारिन बनूंगी ।
वन में विहर प्रिय साथी
श्रीचरणों की सेवा करूंगी ॥

श्रीचरणों में मति मेरी,
श्रीचरणों में गति मेरी ।
आपके बिना मैं तनिक-भी
चाहती नहीं स्वर्ग-वैभव कभी ॥

आपके प्रिय अनुज रहेंगे
युवराज-पद पर विराजमान,
जब आप हँसते-हँसते करेंगे
कानन की ओर प्रस्थान ॥

अलंकृत करेंगी युवराज्ञी-पदवी
मेरी भगिनी माण्डवी ।
मैं न चलूंगी क्योंकर
आपके चरण-चिह्न की अनुगामिनी होकर ?

यदि उसी सुख से वञ्चित रहूंगी,
मैं जीवित नहीं रह पाऊंगी ।
प्रभु-चरण-सेवा के बिना सीता
समझती सारा संसार तीता ॥’

स्वामी के मन के भीतर
था जो कुछ विषाद,
दूर हो गया सत्वर
मेरी बातें सुनने के बाद ॥

पिता, माता, भ्राता, बन्धुवर
सेवक परिजन सबको त्याग कर
बने काननगामी
मुझे साथ ले प्रिय स्वामी ॥

मेरे एक देवर थे ‘लक्ष्मण’ नाम के,
बने वनवास-सहचर प्रियतम के ।
विस्मृति-सरिता के भीतर
समस्त राजसुख फेंककर,
वन-पर्वतों में घुमने लगे हम तीन
अपनाकर हर्ष नवीन ॥

पाकर सखियाँ नयी
मुनिकन्याओं को वनस्थल में,
मैं सानन्द डूब गयी
उन्हींके स्नेहसुख-जल में ॥

जीवन में स्फूर्तियाँ भर सरस
व्यतीत हुए हमारे कई दिवस,
पञ्चवटी कानन के भीतर
पुनीत गोदावरी के तट पर ॥

प्रत्यूष में बयार
ले वन-पुष्पों का सौरभ-सम्भार,
बहकर धीर-धीर
महका देती हमारा कुटीर ॥

वहाँ आकर पिक
बन राजवैतालिक
भर देता था कर्ण-कुहर
बरसा पञ्चम स्वर मनोहर ॥

नृत्यरत हो सबेरे
उल्लसित मयूर मयूरी
सब करते थे मेरे
आश्रम-आंगन की शोभा पूरी ॥

आते थे सकौतूहल
हरिण-शावक दल-दल
मेरे हाथों से नीवार
करने के लिये आहार ॥

त्याग माता का अंक
कलभ कलभी
खेला करते मेरे पास निःशंक
मेरे हाथों से आहार ले सभी ॥

नाना प्रकार सुमन ले
गूँथ सुमञ्जुल हार,
अर्पण करती मैं प्राणनाथ के गले
आन्तरिक प्रीत्युपहार ॥

मेरी वेणी में सजा प्रसून-आभरण
प्रिय कान्त कौतुक रच अन्तरंग,
करते थे पुष्प-वन भ्रमण
मुझे ले अपने संग ॥

कहते थे : ‘सखी ! तुम प्रियतमा
मेरी प्रीति की प्रतिमा,
संगिनी मेरे जीवन की,
स्वर्ग-सुख की गरिमा हो जानकी ॥’

तभी मैं कहती :
‘हे प्राणनाथ !
जो प्रेम-अधिकार आपका अपना,
नहीं की जा सकती
कभी उसके साथ
तुच्छ स्वर्ग-सुख की तुलना ॥’

एक दिन सुमनभरा चन्द्रातप सुन्दर,
पुष्पमय स्तम्भ सहित सादर
मैंने निर्माण कर सिंहासन,
कदम्ब-फूलों से सजाया सुशोभन ।
फूलोंभरा छत्रवर,
फूलों का रमणीय चामर,
पुष्प-पुञ्ज ले विचित्र व्यजन बना
केतकी-पंखुरियों से की मुकुट रचना ।
रत्न-रूप खचित कर कई सुमन मनोरम,
बोली मैं विनम्र-वदन :
‘मेरे प्रभो प्रियतम !
करूंगी श्रीचरणों का अर्चन,
कृपया इसे स्वीकार
सिंहासन पर विराजिये एक बार ॥’

महामना प्राणेश्वर
बोले मुस्कुराकर :
‘मना है प्रिये !
राजकीय उपचार मेरे लिये ।
आज सजाऊंगा सुन्दरी
तुम्हें वनफूलेश्वरी ॥’

ऐसा कहकर जोर पकड़ मेरे हाथ
सजाने लगे मुझे फूलों से प्राणनाथ ।
अपनी शपथ से बातें जोड़
मेरी आपत्तियाँ तोड़,
खड़े रहकर मेरे सामने
लगे मुझे निहारने ॥

मुद्रित हो गये मेरे नयन लज्जाधीन,
द्रवित रही मैं कुसुमासन पर समासीन ।
प्रियतम रसिक-शेखर
बोले वाणी प्रीतिभरी :
‘करो करुणा-कटाक्ष-पात सादर
अरी कुसुमेश्वरी !’ ॥

वहीं अवलोकन कर
उनका वदन आनन्द-दीप्यमान,
मैं बोली : ‘विवेकी-प्रवर !
हुआ नहीं यह समुचित विधान ।
प्रभु-चरण-पूजन हेतु
योग्य नहीं जो वस्तु,
वह कभी होती क्या
तुच्छ दासी की भोग्या ?’

वे बोले : ‘रही है सदा
रीति यह प्रणयी-प्रणयिनी की,
बढ़ाकर एक अन्य की मर्यादा
प्राप्त करते प्रीति आन्तरिकी ॥’

प्रियतम के मुख से सारी
सुनकर बातें प्यारी
धन्य समझ भाग्य अपना
मैं सहर्ष रही निर्वचना ॥

धीरे-धीरे आया सायं-समय,
गगन में हुआ कलाकर उदय ।
प्राणेश्वर लगे विहरने
कानन में मेरा हाथ ले ।
फिर मेरा स्वान्त रञ्जन करने
वनवास-सुख बयान करते चले ॥

अदूर में उसी समय
सुन चक्रवाक-स्वन,
सहसा प्राणेश्वर ने सप्रणय
चूम लिया मेरा लपन ॥

कौतुकवश मैंने प्रश्न किया,
‘कारण उसका है क्या ?’
उन्होंने जो कहा,
अब उसका स्मरण हो रहा ॥

वे बोले : ‘प्रिये !
चक्रवाक से कान्ता उसकी दूर रही ।
दुःखानल में इसलिये
दग्ध हो रहा विरही ।
संगिनी के संग-सुख में खूब
दिनभर वह रहता डूब ।
अभी जीवन अपना
तिक्त समझ रहा प्रिया के बिना ॥

यदि कानन-सहचरी
तुम न होतीं मेरी,
वेदना-दग्ध होता मैं इस पल
वन के भीतर भटकता विकल ।
कह रहा हूँ जो जो सुख वनवास में आते,
मेरे जीवन को सब शुष्क कर देते ॥

स्वभाव-विकल है जीवन प्रेमी का,
साथ जब होती नहीं प्रेमिका ।
व्याकुल जीवन भारी
व्यर्थ समझता दुनिया सारी ॥

जब जीव बहता
संसार-पारावार में आकर,
पार जाने का भरोसा रहता
वनिता-नैया के आश्रय पर ॥

अनुभव विरह दुःख का
मुझे तब था नहीं ।
सब सुन सलज्ज नम्र-मस्तका
मैंने हँस दिया वहीं ॥

हाय ! कुछ काल के अनन्तर
उस दारुण कष्ट ने
मेरे जीवन में अपने,
कर लिया अधिकार पूर्णरूप से आकर ॥

भुक्तभोगी करता अनुभव
दूसरों का दुःख वास्तव ।
आज चक्रवाक के विलाप ने
बहा दिये मेरे नयनों से आँसू घने ॥’

बोली तापसी : ‘अरी सहेली !
बात निश्चित मैंने समझ ली ।
तुम्हारे प्रियतम का हृदय महान्
अपार प्रेमामृत-निधान ॥

चक्रवाक समान महाराजा वे
रोते होंगे आँसू बहा आँखों से अपनी ।
अविलम्ब ही बीत जावे
तुम्हारी विपदा की रजनी ॥

उजड़ गया है तुम्हारा
संसार सुनहरा ।
हुआ क्यों इस प्रकार
दारुण दुर्विचार ?
जिसे नरेश्वर ने
संपत्ति मानी थी जीवन की,
उसे त्याग करने
कैसे इच्छा हुई उनकी ?

विधि का है जो विचार,
उसे बारबार धिक्‌कार ।
कहीं क्या कर डाला,
ला गरल अमृत के ऊपर डाला ॥’

= = = = = = =


(तपस्विनी काव्य का षष्ठ सर्ग समाप्त)
* * * * *


[ सौजन्य :
स्वभावकवि-गंगाधर-मेहेर-प्रणीत "तपस्विनी".
हिन्दी अनुवादक : डॉ. हरेकृष्ण मेहेर.
प्रकाशक : सम्बलपुर विश्वविद्यालय, ज्योति विहार, सम्बलपुर, ओड़िशा, भारत.
प्रथम संस्करण २००० ख्रीष्टाब्द.]
* * * * *


Friday, August 26, 2011

Tapasvini Kavya Canto-7 (‘तपस्विनी’ काव्य सप्तम सर्ग/ हरेकृष्ण मेहेर)


TAPASVINI
Original Oriya Mahakavya by :
Svabhava-Kavi Gangadhara Meher (1862-1924)
Hindi Translation by : Dr. Harekrishna Meher
= = = = = = = = = =


[Canto-7 has been taken from pages 121-146 of my Hindi ‘Tapasvini’ Book
Published by : Sambalpur University, Jyoti Vihar, Sambalpur, Orissa, First Edition : 2000.]
For Introduction, please see : ‘ Tapasvini : Ek Parichaya'
Link :
http://hkmeher.blogspot.com/2008/07/tapasvini-ek-parichaya-harekrishna_27.html

= = = = = = = = = = = = = =
Tapasvini [Canto-7]
= = = = = = = = = = = = = =


तपस्विनी’ महाकाव्य
मूल ओड़िआ रचना : स्वभावकवि गंगाधर मेहेर (१८६२-१९२४)
सम्पूर्ण हिन्दी अनुवाद : डॉ. हरेकृष्ण मेहेर

= = = = = = = = = = =
सप्तम सर्ग
= = = = = = = = = = =


‘अरी सखी !’, बोलीं वैदेही,
‘मेरे दुःखों का कारण मेरा दुर्विपाक ही ।
मेरे कर्मों के लिये विधि का
दोष नहीं किसी प्रकार का ।
स्वभाव से मेरे स्वामी महीयान्
अपार कृपा-निधान ॥

प्रियतम से बिछड़ रह सकता जीवन अपना,
मन में एक पल भी न थी ऐसी कल्पना ।
घोर दुर्विषह दुःख मैंने झेले कितने
केवल स्वामी के पावन मुख दर्शन करने ॥

समाकर मेरे श्रवण-विवर
आशा उसी समय
सान्त्वना-मन्त्र बनकर
हर लेती मेरी मुमूर्षा को निश्चय ।
अभी मृत्यु हो चुकी
उसी आशा की ।
स्मृति में उसे लाकर मेरे प्राण
हो रहे दग्ध म्रियमाण ॥’

बोली सहचरी :
‘सखी जानकी !
आशा कैसी थी, क्यों मरी,
मैं समझ न सकी ।
तुम-जैसी साधवी सुमती
झेल दारुण दुःखाघात
न विधि की निन्दा करती,
यही तो विचित्र बात ॥’

सती बोलीं : “ सहचरी !
सुनकर मेरी कहानी दुःखभरी
हो जायेगी ज्ञात
तुम्हें सारी बात ।
मैंने किया जैसे
घोर दुःखों का आमन्त्रण,
फिर आया जैसे
मेरी आशा का मरण ॥

पञ्चवटी में कुटीर के निकट एकदिन
विचरने लगा सानन्द एक स्वर्णिम हरिन ।
चित्रित अंग उसका चिक्‌कण सुन्दर
चमकने लगा भानु-रश्मि का संग पाकर ॥

थी उसके स्वर्णिम अपघन में
जो चित्र-बिन्दुओं की कान्ति मनोरम,
उसने मेरे नयन में
जगाया रत्नों का भ्रम ॥

पहले कभी उस-जैसा मृगवर
हुआ नहीं था मेरा लोचन-गोचर
अपने राजभवन में,
नगर में या कानन में ॥

सोचा मैंने,
‘जब नगर लौट चलूंगी,
तब साथ अपने
उस मनोहर हरिण को ले लूंगी ।
विस्मित करा दूंगी
नगरवासियों का मन,
संग-संग करूंगी
कानन-सौन्दर्य-राशि वर्णन ॥’

मैंने उसे पकड़ने आहार दिखलाया,
परन्तु वह चौंककर समीप न आया ।
लुभाकर मेरा मन,
रमाकर मेरे नयन
बारबार जाकर
घुस गया कानन के भीतर ॥

उसीके कारण
जब मेरा अन्तःकरण
व्यग्र हो उठा अत्यन्त,
मेरे प्राणेश्वर
सस्नेह बोले तुरन्त :
‘पूरी करूंगा, अरी प्यारी !
उत्सुकता तुम्हारी
उस रमणीय हरिण को लाकर सत्वर ॥’

मृग के पीछे-पीछे रघुवीर
चले तुरन्त ले हाथ में धनुष तीर ।
उसे अनुसरण कर अति शीघ्र चल
मेरी दृष्टि-सीमा से हो गये ओझल ॥

हुई कानन के भीतर
‘रक्षा करो लक्ष्मण’ ध्वनि श्रुतिगोचर ।
उस पुकार से हो गया विकल
मानस मेरा उसी क्षण ।
उधर मन संग दिया श्रवण-युगल ।
‘रक्षा करो लक्ष्मण’
वही पुकार
गूँज उठी पुनर्बार ॥

समीप मेरे थे देवर
लक्ष्मण वीरवर ।
कहा अधीर-मन मैंने :
‘देखो वत्स ! संकट आया ।’
मेरे मन में आश्वासना देने
उन्होंने समझाया :
‘भय न करना, देवी !
वह भाषा नहीं राघवी ॥’

अरी सखी ! वीर का स्वभाव सही
समझते वीर पुरुष ही ।
देखा मैंने उसी क्षण
धीर गम्भीर खड़े हैं लक्ष्मण ॥

नारी का हृदय
दुर्बल है स्वाभाविक ।
उनके वचन से मैं उसी समय
होने लगी विकल अधिक ॥

बिनती के अनन्तर
कटु वचन कहकर
उन्हें प्रेषित किया मैंने
शीघ्र स्वामी के समीप चलने ।
मेरी सुख-सौभाग्य-सम्पदा सभी
बह गयी उनके प्रस्थान की धारा में तभी ॥

विपत्ति वहाँ शरीराकार
योगीन्द्र-वेश भिक्षुक बनी मेरे द्वार ।
स्वामी के प्रत्यावर्त्तन तक उधर
न करके प्रतीक्षा,
अड़ा रहा वह अधम पामर
पाने अपनी भिक्षा ॥

भिक्षादान के समय बलपूर्वक उसने
मेरा हाथ पकड़ सत्वर
बिठाया मुझे विमान में लेकर ।
मैंने विनय किये कितने,
तर्जनाएँ दीं कितनी,
परन्तु दुष्ट ने कुछ न सुनी ॥

जाना मैंने उसी क्षण,
वेश नहीं गुण का लक्षण ।
साधुवेश बाह्य आकार,
परन्तु आभ्यन्तर अन्यप्रकार ।
लोग मानते धर्म सर्व-मंगलकारी,
कौन जाने, यम है धर्म-नामधारी ॥

दक्षिण दिशा की ओर
दुष्ट ने चलाया विमान,
घनघोष से हो उठा जोर
व्योम-मार्ग कम्पमान ।
मैंने जितने भी उच्च स्वर
किये क्रन्दन दीन,
घोर घर्घर रथ-नाद के अन्दर
सब हो गये विलीन ॥

देखा मैंने निम्न की ओर,
मुझे निहार रो रहे थे वन में कई मोर ।
दल-दल मृग उधर
मस्तक उठाकर
रहे थे रथ निहार
त्रस्त नयनों में बारबार ॥

मार्ग रोक युद्ध किया एक पंछी ने,
परन्तु दुष्ट ने उसके पंख छीने ।
लेकर प्रतिकूल प्रवाह
रोक न सका समीर दुष्ट की राह ॥

मार्ग के ऊँचे पर्वत
शीश उठाकर समस्त
वहाँ रोक न सके
उस विमान को विहायस के ।
मर्त्त्यवासियों को देने के लिये वार्त्ता
नीचे देख रही मैं दीन-नयना आर्त्ता ॥

रथ-घोष में मेरी पुकार सकल
हो जायगी निष्फल,
मानस में मैंने यही विचार
नीचे गिरा दिये सब अलंकार ।
देखा मैंने, व्याकुल सरिताएँ उस पल
शीर्ण-काया में जैसे हो गयीं निश्चल ॥

संकुचित-कलेवर
ऊँचे-ऊँचे वृक्ष सारे
सिमट गये परस्पर
उस पामर के भय के मारे ।
धरती धीरे-धीरे हो गयी चुप,
हरिण विहंगम सभी गये छुप ॥

दृश्य हुईं धीरे घनी नीलिमाभरी तब
तीन दिशाएँ पश्चिम, दक्षिण और पूरब ।
धरा-लक्षण कुछ भी न हुआ दृश्यमान,
उसके भीतर दुष्ट ने चलाया विमान ॥

आगे दृश्य हुई दिशा की छोर उजली,
मैंने धीरे-धीरे उसे वनाग्नि-शिखा समझ ली ।
रथ चला जितना समीपतर
अनगिन आलोक-पुञ्ज जगमगाये उधर ॥

सोचा मैंने : ‘ताराएँ छोड़कर व्योमस्थल
झुण्ड बना दिवस में चमक रहीं समुज्ज्वल ।
चन्द्रमा के विरह से गगन-मण्डल त्याग
जला रहीं हृदय में विरह की आग ।
या मर्त्त्यलीला समाप्त हो गयी मेरी,
प्रवेश कर रही हूँ यमराज की नगरी ॥’

देखा मैंने, मनोरम सौधावली
काञ्चन-कलसों से सुशोभित उजली ।
धीरे-धीरे उस नगरी में विशाल मनोहर
भवन-वीथियाँ हुईं दृष्टिगोचर ।
दिनकर ने उसी नगरी को है सजाया,
अपने करों से भवनों के मस्तक पर
कलसों को रञ्जित कर
है दीप्तिमान् बनाया ॥

विचार आया मेरे मन में उसी समय,
वह योगी यमदूत है निश्चय ।
मैं सदर्प दृढ़-मन
प्रवेश करूंगी यम-दरवार,
उठाकर अपनी तेजधार-सम्पन्न
दीप्तिभरी पतिभक्ति-तलवार ॥

नगर-प्रान्त में योगी रथ से उतर
एक उद्यान का मार्ग निहार हुआ अग्रसर ।
मनोरम संगमर्मरों से बनी
वही राह थी सुहावनी ।
विविध पुष्प-फलों से उद्यान
था अत्यन्त शोभायमान ॥

वहाँ अधिकतर अशोक पादपकुल
पुष्प-पुञ्जों से दीखते सुमञ्जुल ।
उद्यान-मध्य में एक समुज्ज्वल भवन
नाना रत्नों से था नेत्र-रञ्जन ॥

योगी मुझे बोला : ‘ वहाँ करो अवस्थान,
मन में प्रियतम के बिना
विरह मत करो गिना ।
हो गया अवसान
तुम्हारे वनवास-दुःखों का ।
सारे स्वर्ग-सुखों का
भोग करो ऐश्वर्य
इस देश में भर अपूर्व सौन्दर्य ॥

त्रिलोक में जो द्रव्य-लाभ दुष्कर,
अब तुम्हारे चाहने पर
सब कुछ अनायास
सुलभ हो जायेंगे पास ।
सहस्र सुन्दरियाँ प्यार दरशाकर
दासी बनेंगी तुम्हारे कमल-पैरों में आकर ॥’

बुलाकर सहस्र रमणियाँ रत्नभूषा-मनोरमा,
उन्हें दृढ़ समझाकर बोला योगी,
‘इसे जानकर मेरी हृदयेश्वरी प्रियतमा
तुम सब सभक्तिक सेवा करती रहोगी ॥

पास नित्य सेवा करोगी
उसके मानस अनुसार सर्वथा
और सुनाती रहोगी
मेरे प्रतापों की गाथा ।
मेरे विपुल वैभव में जैसे
रम जाये उसका अन्तःकरण,
यत्न करती रहोगी वैसे
तुम सब प्रतिक्षण ॥’

अदृश्य हो गया योगी कहकर इतना,
विस्मय से भरा मेरा हृदय अपना ।
वह योगी कौन भला ?
मुझे कहाँ ले आया ?
उसका नगर क्या ?
मुझे कुछ पता न चला ॥

बन गयी मैं कैसी
योगी की हृदयेश्वरी प्रेयसी ?
तनु धारण कर राघव-पत्नी की
अभी जीवित हूँ जानकी ॥

मेरा तो हुआ नहीं निधन,
अब मुझे है स्मरण,
श्रीरामचन्द्र कौशल्या-नन्दन
मेरी एकमात्र शरण ॥

हृदय में फिर दृढ़ निश्चय किया,
जो कोई हो योगी, इससे भय क्या ?
जीवन में जब तक रहे स्मरण,
कौशल्या-नन्दन ही मेरी शरण ॥

चाहे हो यह यम-नगर या स्वर्गस्थल,
विहरते होंगे यहाँ देव सकल,
कौन हर सकेगा मेरा मन ?
मेरी शरण केवल कौशल्या-नन्दन ॥

सहस्र सेविकाओं का मुझे प्रयोजन क्या ?
और मेरा अवगाहन या भोजन क्या ?
करते होंगे भ्रमण
कानन में मेरे प्राणेश्वर,
निविष्ट रहेगा मेरा अन्तःकरण
उनके श्रीचरणों में ही निरन्तर ॥

सुन्दर वीणाहस्ता शत सरस्वतियाँ आयें
और मेरे समीप संगीत सुनायें,
मेरी श्रुति में कहाँ हो पाएगा उसका मूल्य
प्रिय-मुख से निःसृत एक पद तुल्य ?

इसप्रकार करके अनेक भावना
प्रिय-चरणों में लगाकर ध्यान
खो दिया मैंने जीवन का ज्ञान ।
किस प्रकार कितना काल बीता,
अन्य कुछ न जाना
बिना पति-चिन्ता ॥

परन्तु उस राज्य में दिन और रात
मुझे देव-समय सम हुए प्रतिभात ।
माना मैंने उसे देवभुवन,
देव-साहस से भर लिया जीवन ॥

ईश्वर से प्रार्थना मैंने की
देव-शक्ति पाने की,
देवी-हृदय की समुचित
पति-भक्ति सहित ।
आशा रही पाने पति-चरण-सुधा,
बिसर गई मैं सारी पिपासा, सारी क्षुधा ॥

दासियाँ लाकर नाना अंगराग सिंगार
विविध अलंकार,
विविध आहार,
चाटुवाणी बोलीं अनेक प्रकार ।
परन्तु मेरा अन्तःकरण वहीं
कभी आकर्षित हुआ नहीं ॥

दासियों के कथालाप से
धीरे-धीरे मैं जान गयी,
अपने अमित प्रताप से
रावण वह त्रिलोक-जयी ।
सुनकर उसका नाम
देवराज इन्द्र को भी लगती शंका ।
है उसका धाम
पारावार-परिखायुत लंका ॥

उस राज्य को मैं सीता
हो चुकी हूँ आनीता ।
छद्म योगीवेश करके धारण
हर लाया है दुष्ट रावण ॥

उसके भवन नगर
सब अनुपम सुन्दर,
नर-किन्नरों का प्रवेश उधर
अत्यन्त दुष्कर ॥

जहाँ उसका मन लगता,
कार्य सिद्ध करते भय से सभी देवता ।
उसके नयनों में रक्तिमा आने पर
ब्रह्मा के चित्त में जागता विपत्ति का डर ॥

श्रवण करके नाम रावण राक्षस का,
मैं जान गयी उसे,
चूर्ण हुआ था गर्व जिसका
माहेश्वर-धनु से ।
सोचा मैंने, कितना साहस किया है श्वान ने
यज्ञ-पीयूष पान करने ॥

सचमुच एकदिन अग्नितेज लेकर
खड़ा हो गया मेरे समीप वह पामर ।
पापभरे वचन में,
पापभरे मन में,
सुनाकर आत्मगौरव अपना
पापी बकता रहा कितना ॥

देख मेरी दुःख-घनघटा की अश्रुधार
हट गया वह ले अहंकार-अन्धकार ।
मेरी उस घटा के भीतर अचानक
भयंकरी आशा-विद्युत की
छटा गयी चमक
उस दुष्ट धूर्त्त की ॥

सखी ! जिस दिन से मुझे ज्ञात हुआ,
पापी दानव ने है मेरा हाथ छुआ,
तब स्पर्श-स्थान से उठकर
फैल सारे कलेवर
असहनीय जलन
अस्थिर कर रही मेरा जीवन ॥

शरीर के सारे रोम हुए मुझे भान
विष-लिप्त वाणों के समान ।
व्याध-तीरों से आहता
मृगियाँ कोमलांगी
कैसा दुःख सहती होंगी,
मेरा मन सोचता ॥

दुःसह दुःख हृदय में झेलकर
चित्त दृढ़ लगाया मैंने धर्म पर ।
भरोसा रहा मेरा अटल,
सर्वदा धर्म ही अबला का बल ॥

अज्ञानवश मैंने भिक्षा दी थी एकबार
अधम राक्षस को हस्त पसार ।
यदि वह पापी इस पल
प्रदर्शन करेगा अपना बल,
मार डालूंगी उसे
या मरूंगी उसके बाहु से ॥

यदि दुनिया में सत्य है धर्म
देखेगी दुनिया मेरा अद्भुत कर्म ।
पाप-कार्पास हो भी पर्वत समान,
उसे भस्म करता पुण्य-वह्निकण शक्तिमान् ॥

देखो सजनी ! धर्म ने सत्य बन
मेरे प्राणों में किया अमृत-सा सिञ्चन ।
आकर कोई कपिवर
दे गया मुझे स्वामी की खबर,
रचा उसके बाद
रावण के विरुद्ध विवाद ॥

रघुवर ने वानर-बल संग ले तुरन्त
सिन्धु-नीर में सेतुबन्ध निर्माण करके,
लांघ दुस्तर विस्तारित जल
किया लंकापुरी पर प्रबल
आक्रमण दुरन्त,
शंका भर दी प्राणों में दानवेश्वर के ॥

आरंभ किया दुष्कर
याग संग्राम का,
वानरों का गर्जन सुनकर
शंकित हो उठी लंका ।
राक्षस-कुल में बली थे जितने,
आकर सब उस याग में बलि बने ॥

धर्म-मार्ग पर केवल एक था
राघव-चरणों की शरण में सर्वथा ।
अभय सुमन-माल्य कण्ठ पर धारण कर
अटल यूप बना महायज्ञ में उधर ॥

बह गये थे मेरे जितने लोतक,
उनके कोटि-गुणों तक
वहाँ बह गये फिर
राक्षसगण के रुधिर ।
लंकानगरी का अधीश्वर
पाकर अतिशय शंका,
शोक-समुद्र में बहकर
ग्रास बना प्रभु के शर-ग्राह का ॥

बोले मुझे बुलाकर तदुपरान्त
निहार स्नेह-हीन नयनों से मेरे प्रियकान्त,
‘कुसंग से बढ़कर नहीं होता
संसार में कोई पातक ।
कुसंगी के संग से मिलता
सन्ताप अत्यन्त हानिकारक ॥

तुम थीं मदनान्ध दानव के पाप-भवन में;
तुम्हारे चित्त में जागी होगी पाप-वासना,
यही है संभावना ।
इसलिये तुम्हें पुनर्बार
मैं कर नहीं सकता स्वीकार,
स्वीकारने से होगी लोक-निन्दा हमें ॥

जब जलद का जल निम्न-गति करता,
बादल उसे क्या फिर रख सकता ?
अग्निशिखा समान अग्नि में दग्ध हो वही जल
बादल से मिल पाता फिर ऊपर को चल ॥’

सोचा मैंने : ‘किया था अपना जीवन धारण
केवल सेवा करने प्रभु के कमल-चरण ।
चरण-स्पर्श करने मैं यदि नहीं योग्या
मुझे जीवन की और आवश्यकता क्या ?

निहार-निहार प्रभु का वदन
जला दूंगी अपना कलेवर,
मेरा सुख-अर्जन
क्या हो सकता इससे बढ़कर ?
तनु भस्म होने पर मेरे प्राण निश्चय
प्रभु के श्रीअंग में प्राप्त करेंगे आश्रय ।
धर्म-बल से यदि बचेगा शरीर किसी प्रकार
प्राप्त करूंगी प्रभु का द्विगुण प्यार ॥’

बोली मैं तदनन्तर,
‘प्रज्वलित किया जाये वैश्वानर ।
उस में अवगाहन करने
यह दासी प्रस्तुत है सामने ॥’

अकुण्ठ-आज्ञाकारी लक्ष्मण ने सकुण्ठ-मन
कर दिया सत्वर अनल-प्रज्वलन ।
धधक उठीं अग्नि-शिखाएँ वायु-वेग से प्रलम्ब,
व्यग्र हुईं उछलने अम्बर में अविलम्ब ॥

डालकर नयन प्यासे
प्रभु के मुखारविन्द पर,
अग्नि-समीप चल हृदय-बल से
मैं कहने लगी उधर :
‘हे सूर्य ! चन्द्र ! अनिल ! अनल ! विहायस !
तुम सब जानते हो प्राणियों का मानस ।
राघव के बिना अन्य व्यक्ति में यदि किंचित्
हुआ होगा मन मेरा प्रणय से आकर्षित,
तुम तो सर्वभक्षण-दक्ष हो अनल !
मुझे भस्म कर दो इसी पल ॥

रावण की नगरी के अन्दर
रही थी मैं बन्दिनी बनकर ।
मुझे यदि उलझाया होगा उसने
पाप आचरण करने,
तब प्रभु के चरण-पंकज पावन,
कोटि जन्मों तक
नहीं कर पाऊंगी दर्शन,
मुझे भस्म कर दो, हे पावक ! ॥

कौन पापी, कौन पुण्यवान्,
तुम्हें नहीं पहचान ।
अपने धर्म के कारण
करते हो सबके प्राण हरण ।
यदि धर्म विश्व में शाश्वत सत्य विदित,
मेरा धर्म मुझे अपवाद से बचाएगा निश्चित ॥

हे धर्म ! मेरे तन में
अपने गुणों के साथ निवास करो ।
मेरे संग ज्वलन में
समा जाओ, मत डरो ।
जीवन में न कर सकोगे
तो मेरी मृत्यु के बाद,
मुझे दासी बना दोगे
सेवा करने प्रभु के पाद ॥

राख तो होगा मेरा तन जलने के बाद,
उसे करवादोगे किसी तरु की खाद ।
बर्धकी के हाथों काष्ठ देकर उस तरु का
मुझे बनवादोगे प्रभु की युगल पादुका ॥’

उधर बारबार
प्रभु का श्रीमुख निहार
अनल में जाकर
समा गयी मैं निडर ।
देख यही गति
रोए रघुपति ।
रोए लक्ष्मण भी,
करुण स्वन में सैनिक सभी ॥

अनगिन नयनों में अश्रुजल
उछल गया प्रबल ।
मैं कारुण्य-नीर में हो गयी मगन ।
वहाँ मुझे अनल
अनुभूत हुआ सुशीतल,
हाहाकार से व्याप्त हुआ सारा गगन ॥

हुआ मेरा अनुकूल आकाश-वचन,
जान सके प्रभु मेरा सतीपन ।
धर्मवश बुझ गया वैश्वानर,
धर्म-बल से बचे मेरे प्राण उधर ॥

मेरे दुःख समस्त हो गये भस्मसात्,
प्रभु-पद की दासी बनी मैं सौभाग्य-वशात् ।
सोचा मैंने : ‘कष्ट से कितने
था जीवन बचाया,
इसी कारण ही अपने
प्रभु का चरण-कमल पाया ॥’

दिव्य रथ में मुझे बिठाकर
साथ ले असंख्य राक्षस वानर
अयोध्या-नगरी की ओर
विजयोल्लास-सुख में विभोर,
लौट चले प्रभु रघुवर
विहायस-मार्ग पर ॥

मैंने विरह-मरुप्रदेश करके पार
शुष्क प्राणों में पाया प्यार का पारावार ।
प्राणों में हुआ अपूर्व सुख का सञ्चार,
मैंने आनन्दमय माना संसार ॥

अपने जीवन में यदि छा गया है दुःख,
सारे विश्व में दिखाई पड़ता नहीं सुख ।
जब होता अपने जीवन में सुखोदय,
सारा संसार दीखता सुखमय ॥

जिस रथ पर गिर
पड़ी थी मैं विपत्ति-कूप में,
उसी रथ पर फिर
चढ़ गई सम्पत्ति-स्तूप में ।
जिसे देख-देख थी मैं रोदन-विकला,
उसे देख-देख आनन्द बढ़ता चला ॥

विचित्र गति से चल
रहा था रथ रत्न-समुज्ज्वल ।
नीचे अथाह सागर,
ऊपर बलाहक,
समस्त सरिता पादप भूधर
हुए मेरे नयनों के अपार हर्षदायक ॥

पूर्व निवास सभी वनस्थल,
विहार-निकुञ्ज-पुञ्ज, मनोरम सानुमान्,
धूम-जटिल ऋषि-आश्रम सकल
मेरे अन्तःकरण को कर रहे थे आह्वान ॥

व्यस्त-केशा मुनिकुमारियाँ
रथ का घर्घर स्वर
दूर से सुन चकित-अन्तर,
वदन उठाकर रही थीं निहार
मेरे मन में करके वहाँ
विगत सुखों की स्मृति सञ्चार ॥

उनके प्यार पावन,
सानन्द आदर अपार,
कोमल मधुर वचनों से सुन्दर अधर,
ममताभरी शान्त भोली चितवन,
सब बरसाने लगे अमृत की धार
मेरी स्मृति की भूमि पर ॥

क्रमानुसार कुमारियों के सारे नाम
निर्मल बने अरविन्द रूप अभिराम
वहाँ विकसित होकर,
घोर विरह-निशान्धकार के अनन्तर
सुख-प्रभात के आगमन पर
मेरे मानस-सरोवर के भीतर ॥

उनके सारे पिछले भाव-सौरभ ने मन्द-मन्द
मेरे प्राणों में भर दिया अनन्त आनन्द ।
करके कानन दर्शन
तृप्त नहीं हुआ था मेरा मन,
हुआ स्यन्दन उधर
तीव्र वेग से अग्रसर ॥

नैसर्गिक शोभा-भवन मनोरम बन का
परिहार मन मेरा कर न सका ।
फिर मगन था गगन में, स्यन्दन में
वह मन अपना,
लगा उधर अयोध्या-भुवन में
करने श्वश्रू-पद वन्दना ॥

श्याम-सुन्दर कान्तिमान् कान्त को साथ लेकर
त्रिस्थल के सुहाने रंगों में विहर
हुआ मेरा मन अर्धमण्डलाकार शोभायमान
अभिनव जलद में इन्द्रधनुष के समान ॥

प्राण-प्रतिम पुत्र के वन-प्रस्थान अनन्तर
मेरे श्वशुर अयोध्या-अधीश्वर
बुझाकर अपना जीवन-दीपक दुःखित-मन
चले गये इन्द्र के पास स्वर्गभुवन ॥

देखकर राज्य अराजक
कानन पहुँचे भरत देवर
स्वामी के पास सत्वर,
बोले कृताञ्जलि-पूर्वक
दुःखित-मन सविनय ।
चित्रकूट में थे हम उसी समय ॥

बहुत बिनती कर वीर भरत ने
स्वामी से कहा महीपति बनने ।
पितृभक्ति और भी करके दृढ़तर
सम्मत न हुए राघव उन बातों पर ॥

बोले : ‘ पिताजी ने अपना शरीर त्याग दिया,
परन्तु सत्य भंग नहीं किया ।
पितृ-पालित उस धर्म-विहंग का गला
कैसे घोंट दूंगा अविवेक होकर भला ?’

स्वामी-चरणों में गिर
भरत ने रो रोकर कहा फिर,
‘भ्रात ! अपने पास
मुझे बना लीजिये चरणों का दास ।
अस्ताचल चलते तपन
जब छोड़कर धरती,
उन्हें उनकी किरन
क्या त्याग सकती ?’

प्रभु बोले : ‘रजनी में वितर प्रकाश प्यारा
मिटाते चन्द्रमा धरती का दुःख सारा ।’
भरत ने उत्तर दिया करके बिनती :
‘प्रभो ! सूर्य की प्रभा चन्द्रमा को मिलती ।
आपकी रत्न-पादुका लेकर व्रती
सम्हाल सकेगा मेरा शीश,
धारण करते धरती
जैसे शेष फणीश ।
मेरे सिर पर जब पादुकामणि भाती रहेगी,
बैरी-दुनिया मुझे भुजंग समझेगी ॥’

किया पादुका-युगल अर्पण
प्रभु ने भरत के हाथों उसी क्षण,
मस्तक पर उसे स्थापन किया भरत ने ।
अश्रुल-नयन लौट वे वीरवर
तत्पर हो गये तदनन्तर
राजलक्ष्मी का दुःख हरने ॥

चौदह वर्षों का जब हुआ अवसान
वे निहार रहे थे पन्थ ।
पहुँच गया विमान,
वहीं से अवतरण कर तुरन्त
मैंने सादर ग्रहण कर ली
श्वश्रुओं की चरण-धूली ॥

पाकर सानुज सपत्नीक प्रभु के दर्शन
भरत ने आनन्द-नद में डुबाया मन ।
चरणों में प्रत्यर्पित की युगल पादुका,
छत्र-चामर से पूजन किया प्रभु का ॥

मेरे स्वामी राजा बने,
मैं बनी राज्ञी उनकी ।
प्रभु-मानस-अनुकूल मैंने
श्रीचरणों में सेवा की ।
अभिलाषा जो मेरे मानस में आती,
शीघ्र वह सम्पादित हो जाती ॥

राजदम्पति हम प्रीति-नौका में बैठकर
सुख-सिन्धु में लगे रमने ।
सम्पदा-ऊर्मियों में कई संवत्सर
सकौतुक डुबा दिये हमने ॥

जाना था किसने,
मेरे ललाट पर
लिखे हैं दैव ने
अनगिन दुःखों के अक्षर ?
विपत्ति-रूप बड़वानल उपज भयानक
समस्त ध्वस्त कर देगा अचानक ?

दिवस-कान्ति-शेष से प्रतीयमान
रंगीन गगन के समान
भाग्यावसान के समय
हुआ मेरा गर्भोदय ।
दोहद-पूर्त्ति के लिये प्राणेश्वर
तत्पर हो गये अत्यन्त स्नेहभर ॥

‘करना चाहती मैं वन-विहार
वन-बान्धवी के संग, प्राणनाथ !’
एक दिन प्रियतम के पास इस प्रकार
अभिलाषा अपनी
व्यक्त की मैंने ।
उसी रात सजनी !
प्रभात के पूर्व ही स्वामी ने
भेज दिया मुझे लक्ष्मण के साथ ॥

लक्ष्मण ने गंगा-तट पर
मुझे पहुँचाया
और नौका से अवतरण कर
धीरे से जो बताया ...”
कहकर इस प्रकार
कण्ठ सती का रुद्ध हो गया ।
आगे दारुण दुःख निहार
रोने लगीं वैदेह-तनया ॥

अविरल अश्रुधार में बहती हुई इन्हें
शीघ्र थाम लिया मुनिकुमारी ने,
और मिलाकर वदन से वदन
किया करुण क्रन्दन ।
तापसियाँ उसे करके श्रवण
दौड़ चली आईं उसी क्षण ॥

दोनों को संग अपने
तुरन्त कुटीर में लाकर
लगीं इधर-उधर की कई बातें कहने
उनका मानस बहलाकर ।
वृक्षों में नीर-सिञ्चन,
कुसुमराशि-चयन
आदि कई बातें करते-करते तभी
निद्रा की गोद में मग्न हो गयीं सभी ॥

= = = = = =


(तपस्विनी काव्य का सप्तम सर्ग समाप्त)
* * * *


[ सौजन्य :
स्वभावकवि-गंगाधर-मेहेर-प्रणीत "तपस्विनी".
हिन्दी अनुवादक : डॉ. हरेकृष्ण मेहेर.
प्रकाशक : सम्बलपुर विश्वविद्यालय, ज्योति विहार, सम्बलपुर, ओड़िशा, भारत.
प्रथम संस्करण २००० ख्रीष्टाब्द.]

* * * * *


Thursday, August 25, 2011

Complete Hindi ‘Tapasvini’ Kavya (सम्पूर्ण हिन्दी ‘तपस्विनी’ काव्य : डॉ. हरेकृष्ण मेहेर)

Original Oriya Mahakavya ‘TAPASVINI’   
written by Poet Gangadhara Meher (1862-1924)

Complete Translations 
into Hindi, English and Sanskrit languages
By : Dr. Harekrishna Meher.


= = = = = = = = = = =
Tapasvinī, an eleven-canto Oriya epic poem, is the magnum opus of Poet Gangadhara Meher. With the prevailing sentiment of Pathos, this kāvya depicts the post-banishment episode of Sītā in the hermitage of Sage Vālmīki. Here Sītā, the adorable daughter of Earth and the devoted wife of King Rāma, in her later life appears as a Tapasvinī, ‘A Woman practicing penance’ or ‘An Ascetic-maid’. In this Rāmāyana-based literary composition, the poetic presentation is well-embellished with originality and significant innovations. Like Kālidāsa in Sanskrit and William Wordsworth in English, Gańgādhara Meher is regarded as ‘Prakŗti-Kavi’, Poet of Nature, in Oriya literature.
This epic poem reveals the ambition of the poet to portray the brilliant character of a devoted wife steeped in Indian culture. With vivid and prominent delineation of Sītā’s life-deeds, 'Tapasvinī Kāvya' may be construed as a ‘Sītāyana’ in the field of Indian Literature.

= = = = = = = = = = = 




















Complete Hindi ‘TAPASVINI’ is presented here.

Hindi Translation Book ‘Tapasvini’ 
By : Dr. Harekrishna Meher.

Published by :
Sambalpur University, Jyoti Vihar, Sambalpur, Orissa, First Edition : 2000.


* [All Eleven Cantos have been taken here from this Hindi Book.]

= = = = = = = = = = = = = = = = = = = =
Hindi Tapasvini  [Contents]
= = = = = = = = = = = = = = = = = = = =


‘तपस्विनी’ महाकाव्य
मूल ओड़िआ रचना : स्वभावकवि गंगाधर मेहेर (१८६२-१९२४)   


सम्पूर्ण हिन्दी अनुवाद : डॉ. हरेकृष्ण मेहेर

= = = = = = = = =
ग्रन्थ-सूची  

= = = = = = = = =

प्राक्‌कथन :
http://hkmeher.blogspot.com/2011/08/tapasvini-kavya-praak-kathan.html
*
तपस्विनी : एक परिचय :

http://hkmeher.blogspot.com/2008/07/tapasvini-ek-parichaya-harekrishna_27.html
http://tapasvini-kavya.blogspot.com/2011/09/tapasvini-ek-parichaya-drharekrishna.html
*
मुखबन्ध :
http://hkmeher.blogspot.com/2011/08/tapasvini-kavya-preface.html
*
प्रथम सर्ग :

http://hkmeher.blogspot.com/2011/08/tapasvini-kavya-canto-1.html
*
द्वितीय सर्ग :

http://hkmeher.blogspot.com/2011/08/tapasvini-kavya-canto-2.html
*
तृतीय सर्ग :

http://hkmeher.blogspot.com/2011/08/tapasvini-kavya-canto-3.html
*
चतुर्थ सर्ग :

http://hkmeher.blogspot.com/2011/08/tapasvini-kavya-canto-4.html
*
पञ्चम सर्ग :
http://hkmeher.blogspot.com/2011/08/tapasvini-kavya-canto-5.html
*
षष्ठ सर्ग :

http://hkmeher.blogspot.com/2011/08/tapasvini-kavya-canto-6.html
*
सप्तम सर्ग :

http://hkmeher.blogspot.com/2011/08/tapasvini-kavya-canto-7.html
*
अष्टम सर्ग :

http://hkmeher.blogspot.com/2011/08/tapasvini-kavya-canto-8.html
*
नवम सर्ग :

http://hkmeher.blogspot.com/2011/08/tapasvini-kavya-canto-9.html
*
दशम सर्ग :

http://hkmeher.blogspot.com/2011/08/tapasvini-kavya-canto-10.html
*
एकादश सर्ग :
http://hkmeher.blogspot.com/2011/09/tapasvini-kavya-canto-11.html

= = = = 
** सम्पूर्ण ** 
 = = = =

[ सौजन्य :
स्वभावकवि-गंगाधर-मेहेर-प्रणीत "तपस्विनी".
हिन्दी अनुवादक : डॉ. हरेकृष्ण मेहेर.
प्रकाशक : सम्बलपुर विश्वविद्यालय, ज्योति विहार, सम्बलपुर, ओड़िशा, भारत.
प्रथम संस्करण २००० ख्रीष्टाब्द.]
* * * *

For Articles on My Hindi-English-Sanskrit Translations of Tapasvini Kavya,
please see : 

http://hkmeher.blogspot.com/2011/08/my-hindi-english-sanskrit-articles-on.html   
* * * * *  
‘Tapasvini’ Mahakavya of Poet Gangadhar Meher (1862-1924).
From Original Odia, Translated in to Hindi, English and Sanskrit :
Complete Works : Link :
* * * * *